30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागौर, May 18, 2026

Nagaur patrika news…गर्म हवाओं के थपेड़ों संग झुलसता रहा शहर, जलते रहे चेहरे

नागौर में आसमान से आग बरस रही है। दोपहर में सडक़ों पर सफर करना मुश्किल हो रहा है। गर्म हवाओं के थपेड़े गाडिय़ों के साथ ही चेहरों को भी जलाते नजर आए। शहर पूरे दिन गर्म भट्टी की तरह दहकता रहा।

The city continued to sizzle with the gusts of hot winds

The city continued to sizzle with the gusts of hot winds

नागौर. भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने पूरे शहर को झुलसा दिया। सुबह से ही तेज धूप ने असर दिखाना शुरू कर दिया था, और दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि शहर की सडक़ें लगभग सूनी नजर आने लगीं। लू के थपेड़ों के चलते लोगों ने घरों में रहना ही बेहतर समझा। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी चेहरे ढंककर और सिर पर कपड़ा बांधकर निकलते दिखाई दिए। तेज गर्मी का असर शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर साफ नजर आया। किले की ढाल, गांधी चौक, सदर बाजार, बरतन बाजार, दिल्ली दरवाजा, मानासर चौराहा और नया दरवाजा क्षेत्र में दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम आवाजाही रही। आमतौर पर व्यस्त रहने वाले बाजारों में भी सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। दुकानदार भी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। सुबह से शुरू हुई तपिश शाम तक कम नहीं हुई। दोपहर के बाद चली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। घरों और दुकानों में कूलर-पंखे लगातार चलते रहे, लेकिन गर्म हवा के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी। कई जगहों पर लोग छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए।

बिजली खपत और कूलर-पंखों की मांग बढ़ी
गर्मी बढऩे के साथ शहर में बिजली खपत में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में कूलर, पंखे और एयर कूलिंग उपकरणों की मांग बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में कूलर और पंखों की बिक्री में तेजी आई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी और लू चलने की आशंका जताई है। दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने के संकेत दिए गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
बहुत गर्मी लग रही है
शहर में बढ़ती गर्मी को लेकर लोग परेशान नजर आए। गांधी चौक निवासी रमेश सोनी ने कहा कि सुबह 10 बजे बाद ही बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सदर बाजार के व्यापारी महावीर जैन के अनुसार दोपहर में बाजार पूरी तरह सूने पड़ रहे हैं। नया दरवाजा क्षेत्र के अशोक शर्मा ने बताया कि गर्म हवाओं के कारण घरों में भी राहत नहीं मिल रही। किले की ढाल निवासी सलीम खान ने कहा कि इस बार मई में ही जून जैसी गर्मी महसूस हो रही है। वहीं बरतन बाजार के दिनेश अग्रवाल, मानासर चौराहा निवासी इरफान मेव और दिल्ली दरवाजा क्षेत्र के कैलाश चौधरी ने भी कहा कि तेज धूप और लू के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें