Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऑपरेशन सिंदूर के आधार पर महिलाओं ने संभाली परेड की कमान

मेड़ता सिटी ( नागौर). एकता दिवस पर सुबह 8 बजे बड़ी टीवी स्क्रीन पर अपनी बेटी को देश के प्रधानमंत्री के सामने परेड का नेतृत्व करते देख माता-पिता और परिजनों के साथ पूरी मीरा नगरी के लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।

2 min read
Google source verification
nagaur nagaur news

मेड़ता सिटी. परेड का नेतृत्व करती आइपीएस सुमन।

-नागौर जिले के मेड़तासिटी की बेटी आइपीएस सुमन ने प्रधानमंत्री के सामने किया एकता परेड का नेतृत्व

--विविधता में एकता, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश'

मेड़ता सिटी ( नागौर). एकता दिवस पर सुबह 8 बजे बड़ी टीवी स्क्रीन पर अपनी बेटी को देश के प्रधानमंत्री के सामने परेड का नेतृत्व करते देख माता-पिता और परिजनों के साथ पूरी मीरा नगरी के लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। मेड़ता की बेटी गुजरात कैडर की आइपीएस अधिकारी सुमन नाला ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर नर्मदा जिले में स्थित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के पास एकता दिवस की परेड का नेतृत्व किया। सुमन ने परिजनों को फोन पर एकता परेड के बारे में पूरी जानकारी दी।

एससीआरबी पुलिस अधीक्षक सुमन नाला ने "पत्रिका' को बताया कि पहली बार एकता परेड का इस तरह से आयोजन हुआ। इसमें 16 फुट कंटिजेंट और 9 ग्रासमैन थे। यह परेड 2 किमी लम्बी थी, जिसे मैं लीड कर रही थी। सभी कंटिजेंट की कंटिजेंड कमांडर महिला थी। इस बार ऑपरेशन सिंदूर के आधार पर महिलाओं ने परेड की पूरी कमान संभाली हुई थी। 16 में से 10 फुट कंटिजेंट विभिन्न राज्यों की पुलिस को प्रदर्शित कर रहे थे, वहीं 5 सीएपीएफ व 1 एनसीसी को रिप्रेजेंट कर रहे थे।

सुमन ने बताया कि परेड की थीम के मुताबिक विविधता में एकता और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। उन्होंने बताया कि हम एक महीने से इस परेड का अभ्यास कर रहे थे। जिसमें 20 दिन का अभ्यास गांधीनगर और 10 दिन एकता नगर में अभ्यास किया। 3000-4000 लोगों का पूरा कंटिजेंट था। हमने एक टीम के बतौर इस इवेंट को पूरा किया।

बांधे तारीफों के पुल

मेड़ता स्थित सुमन के पीहर में पिता पूर्व पालिका उपाध्यक्ष रामसुख मुंशी, माता घेवरी देवी, और अनोप सिंह भाटी, ओमप्रकाश सोनी, प्रेमसुख प्रजापत, अमित आत्रेय, नीतू आत्रेय, सरोज प्रजापत सहित परिजनों व परिचितों ने परेड का लाइव प्रसारण देखा। शहरवासियों ने मेहनत, लगन व ईमानदारी की बदौलत इस मुकाम तक पहुंचने के लिए आइपीएस बेटी की तारीफ की। सुमन के पैतृक गांव डोडियाना और ससुराल कलरू गांव में भी परेड का लाइव प्रसारण देखा गया। उपखंड अधिकारी पूनम चोयल, पालिकाध्यक्ष शोभा लाहोटी, अधिशासी अधिकारी रामरतन चौधरी, मीरा महिला मंडल अध्यक्ष उमा शर्मा रजत, डॉ. प्रियंका सोनगरा ने आइपीएस सुमन की सराहना की।