नागौर, Jun 06, 2026

भाजपा नेता धनंजय सिंह (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
नागौर। राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र और भाजपा नेता धनंजय सिंह खींवसर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गोली मारने की बात कही। शिकायत मिलने के बाद खींवसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार धनंजय सिंह ने शनिवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 5 जून की सुबह वह खींवसर फोर्ट स्थित अपने निजी कार्यालय ‘अटल भवन’ में मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात कॉल आई। कॉलर की पहचान सामने नहीं आ रही थी और स्क्रीन पर नंबर की जगह ‘अननोन’ प्रदर्शित हो रहा था।
धनंजय सिंह के मुताबिक, कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले उनकी पहचान और लोकेशन की पुष्टि की। इसके बाद उसने पूछा कि वे जयपुर कब आने वाले हैं। जवाब में धनंजय सिंह ने बताया कि वह दो दिन बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की बैठक में भाग लेने के लिए जयपुर जाएंगे।
इस पर कॉलर ने उन्हें सावधान रहने की चेतावनी दी। जब धनंजय सिंह ने उसका परिचय जानने की कोशिश की तो उसने कथित रूप से कहा कि 'ध्यान रखना, गोली मार दूंगा।' धमकी सुनकर धनंजय सिंह ने उसे बताया कि उनकी सुरक्षा में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात है और सुरक्षा कर्मियों के पास हथियार भी हैं। इसके बाद कॉलर ने बातचीत समाप्त कर फोन काट दिया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले कुछ समय से उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी आपत्तिजनक और धमकी भरे संदेश लगातार भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों और संबंधित लिंक के स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध करा दिए गए हैं।
खींवसर थाना प्रभारी अदिति उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई अमरचंद को सौंपी गई है। पुलिस साइबर सेल की सहायता से कॉल की जानकारी और सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में खींवसर से बीजेपी विधायक रेवंतराम डांगा पर भी जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें नावां क्षेत्र में उनके वाहन को साइड से टक्कर मारी गई थी। विधायक ने 25 किमी पीछा करके संदिग्धों की स्कॉर्पियो को पकड़ लिया था।
संबंधित विषय:
Updated on: 06 Jun 2026 07:05 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।