13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नकाबपोश चोरों के आतंक से गुस्साए ग्रामीण, डेगाना में ग्यारस से पहले वारदात, जांच में जुटी FSL टीम

नागौर में डेगाना के चांदारुण स्थित प्रसिद्ध श्याम बाबा मंदिर में ग्यारस से ठीक पहले बड़ी चोरी की वारदात हुई है। नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर का ताला तोड़कर लाखों के सामान चुराएं है।

less than 1 minute read
Google source verification

सीसीटीवी फुटेज से फोटो

Nagaur News: नागौर जिले के डेगाना के चांदारुण में स्थित प्रसिद्ध श्याम बाबा मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर मंदिर से लाखों रुपए के चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। ग्यारस से ठीक पहले हुई इस वारदात से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया।

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वे मुंह बांधे हुए तथा फौजी रंग की पेंट व जूते पहने दिखाई दे रहे हैं। दोनों युवक मुंह बांधकर मंदिर परिसर में घुसे और मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वे सीधे गर्भगृह में पहुंचे और बाबा का चांदी का मुकुट, छत्र, गिलास, थाली सहित अन्य चांदी के पात्र चोरी कर ले गए।

चोरी किए गए चांदी के सामान का वजन करीब ढाई किलो से भी ज्यादा बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। सुबह मंदिर खुलने पर पुजारियों व श्रद्धालुओं को घटना का पता चला। ग्यारस होने के कारण बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना थी, लेकिन उससे पहले ही चोरी की वारदात सामने आ गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक जयप्रकाश बेनीवाल, सीआई हरीश कुमार सांखला, एएसआई पुरखाराम सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कुंकणा और पार्षद गिरधारी मुंडेल भी मौके पर पहुंचे। मंदिर ट्रस्ट के द्वारका प्रसाद हेड़ा से पूरे मामले की जानकारी ली। मंदिर को निशाना बनाए जाने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।