नागौर। जिले के रेण कस्बे में स्कूल की तिरंगा रैली के दौरान दो बेकाबू सांडों ने बच्चों को दौड़ाकर चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब 15 बच्चे घायल हो गए। इनमें चार बच्चों के हाथ-पैर टूट गए वहीं एक-दो के सिर पर चोट आई है। देश के प्रति उत्साह और उल्लास से भरी रैली अचानक चीख-पुकार और आंसुओं में बदल गई। भगदड़ के बीच गिरते-पड़ते बच्चे, सहमी हुई मासूम आंखें और मदद के लिए भागते शिक्षक, यह दृश्य हर संवेदनशील दिल को झकझोरने के लिए काफी था। घायलों को मेड़ता के उपजिला अस्पताल रैफर किया गया, जबकि कई बच्चों को रेण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
रेण के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 6 से 12वीं के छात्र-छात्राओं की ओर से तिरंगा रैली निकाली जा रही थी। रैली जब मुख्य बाजार की तरफ पहुंची। वहां सामने से दौड़ते आए दो सांडों ने रैली में शामिल बच्चों को चपेट में ले लिया। इस बीच सांडों को आते देेख घबराए विद्यार्थी एक-दूसरे के ऊपर भी गिर गए। सभी घायलों को स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए तुरंत रेण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हादसे में घायल हुई छात्रा विनीता, बिंदिया, मनीषा और सुमित के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने पर हायर सेंटर रैफर किया गया। जबकि अनुष्का, आयुषी, सोनिया, कांता, शबाना, प्रियंका सहित 15 विद्यार्थी चोटिल हुए। कुछ बच्चों के सामान्य चोटें आई है। 4 विद्यार्थियों के फ्रैक्चर होने पर उन्हें रैफर किया गया।
Updated on:
07 Aug 2025 07:50 pm
Published on:
07 Aug 2025 07:23 pm