29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई, May 25, 2026

भयानक! 8 दोस्त, 700 फीट गहरी खाई, स्कॉर्पियो चकनाचूर… अब शवों को रस्सी से खींचा जा रहा बाहर

Raigad Ambenali Ghat Accident: महाराष्ट्र के रायगड और सतारा जिले की सीमा पर स्थित बेहद खतरनाक माने जाने वाले आंबेनली घाट से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गई।

Maharashtra Ambenali ghat accident

महाराष्ट्र में स्कॉर्पियो खाई में गिरने से 8 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में खतरनाक आंबेनली घाट में रविवार रात बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और रात से ही बचाव अभियान जारी है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रायगढ़ और सातारा जिले की सीमा के पास स्थित आंबेनली घाट में हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन, ट्रेकर्स और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एक-एक शव को स्ट्रेचर से बांधकर रस्सी की मदद से बाहर निकाला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सातारा जिले की थी और उसमें 8 दोस्त सवार थे, जो सातारा, आसगांव और कोरेगांव क्षेत्र के रहने वाले थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह महाबलेश्वर घूमने आए थे। फिलहाल सभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

अब तक दो शवों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दिन निकलने के बाद बचाव कार्य में तेजी आई है।

आंबेनली घाट फिर बना 'मौत' का घाट

बता दें कि रायगढ़ और सातारा की सीमा पर स्थित आंबेनली घाट महाराष्ट्र के सबसे खतरनाक घाट मार्गों में गिना जाता है। यहां तीखे मोड़, गहरी खाइयां और अक्सर मौसम खराब होने के चलते दुर्घटनाएं होती हैं। इस घाट में पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। 2018 में आंबेनली घाट में हुए एक भीषण हादसे में 30 लोगों की जान चली गई थी। उस समय कोकण कृषि विश्वविद्यालय की एक बस इसी घाट में हादसे का शिकार हुई थी।

स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से बारिश के मौसम में घाट क्षेत्रों में अधिक सावधानी बरतने और रात के समय यात्रा से बचने की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

नवी मुंबई में लग्जरी बस खाक

इससे पहले ठाणे जिले में रविवार दोपहर एक लग्जरी बस में आग लग गई। बस में 22 यात्री सवार थे। हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि सायन-पनवेल हाईवे पर चालक ने बस के इंजन से धुआं निकलते देखा और वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकाला। जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन जब तक आग पर दमकल विभाग ने काबू पाया, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें