4 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

युवक की गोली लगने से संदिग्ध मौत, लगाया जाम

मुरैना. सिहौनिया में कमरे में पत्नी सोती रही और युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस रात को ही मौके पर पहुंची लेकिन कमरे से कोई हथियार नहीं मिला है। सुबह होने पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक […]

2 min read
Google source verification

मुरैना. सिहौनिया में कमरे में पत्नी सोती रही और युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस रात को ही मौके पर पहुंची लेकिन कमरे से कोई हथियार नहीं मिला है। सुबह होने पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक के भाई ने गांव के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है लेकिन हत्या या आत्महत्या पुलिस अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। देर शाम हाईवे पर बड़ेगांव की मोड़ पर आक्रोशित परिजनों ने जाम लगाया।


जानकारी के अनुसार लवकुश (25) पुत्र अशोक माहौर निवासी सिहौनिया सोमवार की रात को पत्नी खुशी के साथ एक ही कमरे में सोया था। सोमवार- मंगलवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे गोली चली जिसकी आवाज मृतक की पत्नी को नहीं आई बल्कि बगल के कमरे में सो रही उसकी बहन को सुनाई दी तो उसने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और पुलिस को सूचना की। पुलिस मौके पर पहुंची तो लवकुश खून से लथपथ हालत में पड़ा था। पुलिस वाहन उसको जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कमरे में हथियार नहीं मिला है, अब हथियार कहां और किसने गायब किया, इसको लेकर पुलिस हैरान है। मृतक के भाई अनिल माहौर का आरोप है कि गांव के विक्रम परमार ने ही हत्या की है। भाई का कहना हैं कि वह पूर्व में भी दो बार हमारे मकान में घुस चुका है। पूरे घटनाक्रम को लेकर किसी महिला से जुड़ा मामला हो सकता है। क्योंकि विक्रम परमार का मृतक के घर बार- बार घुसना और फिर लवकुश की गोली लगने से मौत होना, कई सवालों को जन्म दे रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आक्रोशित परिजनों ने बॉडी को बड़ागांव तिराहा सडक़ पर रखकर नेशनल हाईवे क्रमांक 552 जाम कर दिया। परिजन की मांग है कि हत्या का मामला दर्ज किया जाए, आम्र्स लाइसेंस दिए जाएं और घर पर पुलिस गार्ड लगाया जाए। आक्रोशित लोगों ने शाम छह से आठ बजे तक जाम लगाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद रात आठ बजे जाम खुल गया।

कमरे में हुआ विवाद, टूटी पड़ी मिलीं चूडिय़ां

पुलिस के अनुसार कमरे में चूडिय़ां टूटी पड़ी मिली हैं, इससे लगता है कि रात को पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ है। लेकिन पति- पत्नी एक ही कमरे में सोए और गोली लगने से पति की मौत हो गई पत्नी को गोली की आवाज सुनाई नहीं दी, इससे भी संदेहजनक स्थिति निर्मित हो रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

जिस पर लगाया हत्या का आरोप, वह घर सोता मिला

पुलिस का कहना हैं कि गांव के जिस विक्रम परमार पर हत्या का आरोप लगाया, वह रात को अपने घर सोता मिला। यह बात सही है कि घटना के कुछ समय तक मृतक के यहां देखा गया है लेकिन अगर वह हत्या करता तो मौके से भागता, घर जाकर थोड़े ही सोता। पुलिस उसके कॉल डिटेल निकाल रही है, जिससे और स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

लवकुश की गोली लगने से संदिग्ध हालत में मौत हुई है। कमरे में कोई हथियार नहीं मिला है। परिजन जिस व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया, वह घर में सोता मिला है और उसकी चप्पल छोडऩे की बात सामने आई, इन सारे विंदुओं की जांच कर रहे है। एफएसएल व सीडीआर की रिपोर्ट आने पर जो भी स्थिति बनेगी, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

अतुल परिहार, थाना प्रभारी, सिहौनियां