
मुरादाबाद में हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश..
Honey trap gang arrests Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुलिस ने एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुगलपुरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई में चार महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और लोगों को फोन के जरिए अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई चौंकाने वाले सबूत भी सामने आए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल महिलाएं और युवती पहले फोन के जरिए लोगों से दोस्ती करती थीं। बातचीत के दौरान भरोसा जीतने के बाद वे उन्हें मिलने के बहाने अपने घर बुलाती थीं। जैसे ही व्यक्ति वहां पहुंचता था, गिरोह के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद मिलते थे। इसके बाद पीड़ित को बंधक बनाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिए जाते थे।
वीडियो बनाने के बाद गिरोह के सदस्य पीड़ित को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी देते थे। डर और बदनामी के भय से कई लोग उनकी मांग पूरी करने को मजबूर हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने इसी तरीके से कई लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की वसूली की।
मुगलपुरा क्षेत्र में कबाड़ का काम करने वाले एक युवक ने 25 फरवरी को इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। युवक ने बताया कि उसे एक महिला ने फोन कर ताजपुर में मिलने के लिए बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो पहले से मौजूद महिला और उसके साथियों ने उसे बंधक बना लिया, कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाया और उससे 85 हजार रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उससे तीन लाख रुपये की और मांग की थी।
मामले की जांच के बाद गुरुवार को मुगलपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कटघर के ताजपुर निवासी रिहाना, शगुफ्ता, चांदबी, भोजपुर के धर्मपुरा निवासी इलमा और उसके पति सुलेमान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जांच के दौरान मोबाइल में कई लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिलने का दावा किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस गिरोह में कुल मिलाकर करीब एक दर्जन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल सात अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
Published on:
12 Mar 2026 09:29 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरादाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
