7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ब्रजेश पाठक बोले- यूपी अब बीमारू नहीं, विकास और सुरक्षा का मॉडल बना प्रदेश; 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

UP Politics: मुरादाबाद दौरे पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था और विकास कार्यों के दम पर भाजपा 2027 में तीसरी बार यूपी में सरकार बनाएगी, जबकि विपक्ष हार की आशंका से बेवजह हंगामा कर रहा है।

2 min read
Google source verification
brajesh pathak moradabad 2027 up politics

ब्रजेश पाठक बोले- यूपी अब बीमारू नहीं | Image - Fb/@brajeshpathakup

UP Politics News: मुरादाबाद दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और इसी भरोसे के साथ भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक भाजपा की रणनीति साफ है और पार्टी हर समय जनता के बीच रहकर काम कर रही है, जो उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

प्रधानमंत्री की योजनाओं से बदली आमजन की जिंदगी

डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है। गरीब, किसान, महिला और युवा सभी को योजनाओं का सीधा फायदा मिला है, जिससे जनता का भरोसा भाजपा के साथ और मजबूत हुआ है। यही वजह है कि प्रदेश की जनता फिर से भाजपा को समर्थन देने का मन बना चुकी है।

कानून व्यवस्था की तारीफ, विपक्ष पर सीधा हमला

ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की देशभर में सराहना हो रही है। आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपनी हार पहले से देखकर बेवजह हंगामा कर रहा है और मुद्दाविहीन राजनीति कर रहा है।

सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़ा बदलाव

डिप्टी सीएम ने कहा कि मौजूदा सरकार में प्रदेश का चतुर्मुखी विकास हुआ है। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में ऐतिहासिक बदलाव आए हैं। पहले जहां लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान रहते थे, वहीं अब समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

प्रतिव्यक्ति आय और रोजगार में हुई उल्लेखनीय वृद्धि

उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रतिव्यक्ति आय में लगातार वृद्धि हो रही है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना से लाखों लोगों को रोजगार मिला है। यूपी अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकसित राज्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

एसआईआर प्रक्रिया पर पारदर्शिता का भरोसा

एसआईआर को लेकर उठे सवालों पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ चल रही है। मतदाता सूची सही और निष्पक्ष बने, इसके लिए अधिकारी जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं और यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की निगरानी में पूरी की जा रही है।

सपा पर अराजक राजनीति का आरोप

उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा आज भी अराजकता की राजनीति से बाहर नहीं आ पाई है। जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार रही, तब-तब दंगे, गुंडई और अव्यवस्था देखने को मिली। मौजूदा सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है।

सपा शासन में चरमराई थी व्यवस्था

ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा शासनकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपेक्षित क्षेत्रों में शामिल था। बिजली की स्थिति बदहाल थी और लोग असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर थे।

स्वास्थ्य और शिक्षा में ऐतिहासिक सुधार

डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है और शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है।

विकास, सुरक्षा और सुशासन के मुद्दे पर जनता भाजपा के साथ

डिप्टी सीएम ने दो टूक कहा कि विकास, सुरक्षा और सुशासन के मुद्दे पर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। मजबूत कानून व्यवस्था और तेज विकास कार्यों के दम पर 2027 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।