नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में दोनों कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ने के बावजूद कम भाव पर आई जेवराती ग्राहकी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना बुधवार 05 दिसंबर 2018 को 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, औद्योगिक ग्राहकी की सुस्ती से चांदी की चमक फीकी पड़ गई और यह 140 रुपए की फिसलकर 37,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से विदेशी बाजारों में पीली धातु पर दबाव बढ़ा है। लंदन का सोना हाजिर आज 3.40 डॉलर की गिरावट के साथ 1,234.95 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 6.50 डॉलर की गिरावट में 1,240.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, डॉलर के मजबूत होने के निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश में घटा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी बुधवार को 0.07 डॉलर की गिरावट के साथ 14.44 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
31,950 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा सोना
वैश्विक दबाव के बावजूद घरेलू जेवराती मांग आने से आज सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए की तेजी के साथ 31,950 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी 100 रुपए की तेजी के साथ 31,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक मांग में नरमी आने से चादी हाजिर 140 रुपए की गिरावट के साथ 37,600 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। चांदी वायदा में 25 रुपए की तेजी रही और यह 36,395 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली 1,000-1,000 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 73 हजार और 74 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,950
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,800
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,600
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 36,395
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 73,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800
Published on:
05 Dec 2018 03:04 pm