महराजगंज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर "हर घर तिरंगा" अभियान को लेकर DM संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। DM ने अभियान को 15 अगस्त तक तीन चरणों में जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी विद्यालयों में सेल्फी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही तहसीलों, ब्लॉकों और नगर निकायों में भी इसी प्रकार की गतिविधियां कराने को कहा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगा निर्माण को लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
DM ने 11 अगस्त को तिरंगा मेला और देशभक्ति पर आधारित संगीत कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। इसमें छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसी दिन बैंड वादन प्रतियोगिता और विभिन्न विभागों के तिरंगा थीम आधारित स्टॉल भी लगाए जाएंगे। अभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा।
प्रथम चरण 8 अगस्त तक विद्यालयों में तिरंगा आधारित कार्यक्रम होंगे। द्वितीय चरण में काकोरी शताब्दी समापन और विभाजन विभीषिका दिवस जैसे आयोजनों में जनभागीदारी होगी। तृतीय चरण 9 से 15 अगस्त तक वृहद जनजागरूकता कार्यक्रम, सेल्फी अभियान और रैलियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, पीडी राम दरश चौधरी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, डीआईओ प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव और सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Published on:
05 Aug 2025 07:51 am