29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महासमुंद, May 29, 2026

चलती कार में युवक की बेरहमी से हत्या, फिर सबूत मिटाने शव के साथ किया ऐसा काम, निर्दलीय पार्षद समेत 4 अरेस्ट

Murder Case: महासमुंद जिले से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक की उसके ही दोस्तों ने चलती कार में बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

Chhattisgarh Murder Case

निर्दलीय पार्षद समेत 4 अरेस्ट (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Chhattisgarh Murder Case: महासमुंद जिले में गुमशुदगी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दिल दहला देने वाली हत्या का खुलासा किया है। युवक की उसके ही दोस्तों ने चलती कार में बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को महानदी किनारे एक टापू में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने मामले में निर्दलीय पार्षद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानें पूरा मामला

मृतक की पहचान भुनेश्वर यादव (31) के रूप में हुई है, जो नकटी गांव का रहने वाला था। वह मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि भुनेश्वर 22 मई की शाम से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन भुनेश्वर अपने कुछ दोस्तों के साथ मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पास बैठा हुआ था। वहां सभी शराब पी रहे थे। इसी बीच पानी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि भुनेश्वर और निर्दलीय पार्षद नोहर दास रात्रे के बीच गाली-गलौज होने लगी।

विवाद के बाद गुस्से में आकर युवक की हत्या

पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद गुस्से में आकर नोहर रात्रे ने अपने साथी अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे के साथ मिलकर भुनेश्वर को कार में बैठाया और उसे महासमुंद की ओर ले गए। रास्ते में तीनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से उसकी इतनी पिटाई की कि गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

महानदी किनारे टापू में दफनाया शव

युवक की मौत के बाद आरोपी घबरा गए और मामले को छिपाने के लिए सबूत मिटाने की योजना बनाई। इसके लिए नोहर रात्रे ने अपने मामा श्रवण जांगड़े की मदद ली। चारों आरोपी शव को महानदी किनारे एक टापू में ले गए, जहां गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में आरोपियों के बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा मामला सामने आ गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने महानदी किनारे दफन शव को बरामद किया।

पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी के नाम

  • नोहर दास रात्रे (35), निवासी इंदिरा कॉलोनी वार्ड नंबर 07, मंदिर हसौद, निर्दलीय पार्षद
  • अमित सिंह राजपूत (37), निवासी मंदिर हसौद
  • हेमचंद बंजारे (28), निवासी मंदिर हसौद
  • श्रवण जांगड़े, निवासी नांदगांव, महासमुंद, शव ठिकाने लगाने में सहयोगी
कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें