
IMD Weather Alert
UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में अब दिन चढ़ने के साथ ही चिलचिलाती धूप और तल्खी महसूस की जा रही है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।
सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, झांसी 34.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सूबे में सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा फतेहपुर में 34.6 डिग्री, वाराणसी में 33.6 डिग्री, हमीरपुर में 33.2 डिग्री और आगरा में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में पारा 30 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है जो समय से पहले गर्मी की आहट का संकेत है।
सोमवार को फाल्गुन पूर्णिमा के मौके पर राजधानी लखनऊ समेत राज्य के कई इलाकों में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रूखी पछुआ हवाएं चलीं। स्थानीय भाषा में इन्हें 'फगुनहट' कहा जाता है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मंगलवार को इन हवाओं की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि इन हवाओं के थमते ही तापमान में तेजी से उछाल आने की आशंका है जिससे गर्मी और तीखी महसूस होगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अब दिन और रात दोनों के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए चेतावनी जारी की है और लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
Published on:
03 Mar 2026 06:51 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
