29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लखनऊ, May 28, 2026

UP Sports College: योगी सरकार के स्पोर्ट्स कॉलेजों में एडमिशन की होड़, 518 सीटों पर उमड़ा युवाओं का सैलाब

Yogi Government: उत्तर प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए इस बार रिकॉर्ड आवेदन पहुंचे हैं। 518 सीटों पर करीब 2600 छात्रों ने आवेदन कर खेलों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान दिखाया।

स्पोर्ट्स कॉलेजों का बढ़ा क्रेज, रिकॉर्ड आवेदनों ने बदली खेलों की तस्वीर (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

स्पोर्ट्स कॉलेजों का बढ़ा क्रेज, रिकॉर्ड आवेदनों ने बदली खेलों की तस्वीर (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

UP Sports College Admission: Uttar Pradesh में खेल संस्कृति को नई पहचान दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश को लेकर युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ा है।

सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में कुल 518 सीटों पर प्रवेश के लिए इस बार करीब 2600 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है और इसे प्रदेश में बढ़ती खेल संस्कृति का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव इस बात का प्रमाण है कि अब प्रदेश के युवा खेलों को केवल मनोरंजन या शौक नहीं, बल्कि करियर और भविष्य के रूप में देखने लगे हैं।

पिछले साल की तुलना में बड़ा उछाल

प्रदेश के लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, सहारनपुर और फतेहपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इस बार करीब 2600 छात्रों ने आवेदन किया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 1800 थी। एक साल में आवेदन संख्या में आए इस बड़े उछाल ने खेल विभाग और प्रशासन को भी उत्साहित किया है।

जानकारों का मानना है कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल सुविधाओं में सुधार, खिलाड़ियों को मिलने वाली सरकारी सहायता, छात्रवृत्ति और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित किया है।

3 से 6 जून के बीच होगी मुख्य चयन परीक्षा

प्रारंभिक परीक्षा में सेलेक्ट होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य चयन परीक्षा में शामिल किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा में लखनऊ और कानपुर मंडल में पिछले साल 264 खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिसके सापेक्ष में इस वर्ष 393 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। मुख्य चयन परीक्षा भी 100 अंकों की होगी, जिसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। खेलवार एवं कॉलेजवार मुख्य चयन परीक्षा का आयोजन 3-4 जून तथा 5-6 जून को किया जाएगा। इसमें फिजिकल टेस्ट के 50 अंक और गेम व स्किल टेस्ट के 50 अंक निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा में पास अभ्यर्थियों की होगी जैविक आयु जांच

फिजिकल टेस्ट में न्यूनतम 40 प्रतिशत यानी 20 अंक प्राप्त करना जरूरी होगा। खेल विशेषज्ञ मैदान पर अभ्यर्थियों की प्रतिभा का परीक्षण करेंगे। इसमें खेल तकनीक परीक्षा (स्किल टेस्ट) के लिए 30 अंक और गेम टेस्ट के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रदर्शन के आधार पर विशेषज्ञ अंक देंगे।

मुख्य चयन परीक्षा का परिणाम खेल साथी पोर्टल पर जारी किया जाएगा और चयन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। मुख्य चयन परीक्षा के बाद अंतिम श्रेष्ठता सूची तैयार कर कॉलेज वेबसाइट, खेल साथी पोर्टल पर जारी किया जाएगा। मुख्य चयन परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में शामिल अभ्यर्थियों की जैविक आयु जांच केंद्रीय व्यवस्था के तहत कराई जाएगी। विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग जिलों में यह प्रक्रिया होगी।

अंतिम ट्रायल भी पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा संपन्न

अभ्यर्थियों की जैविक आयु जांच अभिभावकों की सहमति से कराई जाएगी। जैविक आयु जांच में उपयुक्त पाए गए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसमें प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर रिक्त सीटों और कॉलेज वरीयता के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रबंध समिति उत्तर प्रदेश के सचिव एवं स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक ट्रायल पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया गया है और अंतिम ट्रायल भी पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि इस सत्र की तुलना में अगले सत्र 3 से 4 गुना ज्यादा आवेदन आएं।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें