भारत, May 15, 2026

माइग्रेन के दर्द की प्रतीकात्मक तस्वीर | Credit- magnific
Migraine Yoga Poses : माइग्रेन का दर्द भयंकर होता है। इससे जूझने वाले लोगों को राहत दिलाने के लिए आयुष मंत्रालय ने 6 योग बताए हैं। इन योग नियमित रूप से करने पर आपको काफी हद तक मदद मिल सकती है।
मंत्रालय लगातार लोगों को योग से जुड़ने और रोगमुक्त रहने की सलाह दे रहा है। आइए, माइग्रेन से राहत दिलाने वाले योग के बारे में समझते हैं:
अपनी पोस्ट में लिखा है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन के सामने घंटों बैठना, गलत मुद्रा में काम करना, अनियमित नींद और लगातार तनाव माइग्रेन को बढ़ावा देते हैं। ये आदतें गर्दन, कंधे और सिर की मांसपेशियों में तनाव पैदा करती हैं, जो धीरे-धीरे माइग्रेन के दौरे को ट्रिगर कर देती हैं।
मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, माइग्रेन में फायदेमंद योगासन और प्राणायाम की बात करें तो पवनमुक्तासन, भ्रामरी, मार्जरी आसन आदि हैं। इनको नियमित रूप से करने पर माइग्रेन की समस्या को दूर किया जा सकता है।
भुजंगासन या कोबरा आसन के कई फायदे हैं। मुख्य रूप से ये रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है और गर्दन के तनाव को दूर करता है।
पवनमुक्तासन पेट और कमर के तनाव को कम करता है, गैस और अपच से राहत दिलाता है। अगर आप ये करते हैं तो पेट की दिक्कतों से भी राहत मिल सकता है।
मार्जरी आसन गर्दन और पीठ की अकड़न दूर करता है। कई बार गलत तरीके से सोने या बैठने पर इस तरह की दिक्कत होती है। आपको ये आसन राहत दे सकता है।
ताड़ासन शरीर की मुद्रा सुधारता है और एकाग्रता बढ़ाता है। अगर आप माइग्रेन के दर्द को दूर करना चाहते हैं तो एकाग्रता भी जरूरी है।
भ्रामरी प्राणायाम आपको कई तरह से फायदा पहुंचाने का काम करता है। जैसे- मन को शांत कर तनाव से होने वाले सिरदर्द में तुरंत राहत देता है।
शीतली प्राणायाम शरीर को ठंडक देता है और माइग्रेन के गर्मी से जुड़े ट्रिगर्स को नियंत्रित करता है। अगर आप गर्मी में ये करते हैं तो आपको डबल फायदा मिल सकता है।
सलाह: इन आसनों को रोजाना सुबह या शाम के समय 15-20 मिनट अभ्यास करने से लाभ मिल सकता है। आप बेहतर परिणाम के लिए शुरुआत में किसी योग विशेषज्ञ की देखरेख में अभ्यास करें।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी आयुष मंत्रायल की सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है, जिसका उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाना और शैक्षिक जानकारी प्रदान करना है। इसे किसी बीमारी के उपचार या डॉक्टरी सलाह के रूप में न लें। अपनी जीवनशैली या आहार में कोई भी बदलाव करने से पहले किसी योग्य चिकित्सक या संबंधित विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
Published on: 15 May 2026 01:46 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।