कुशीनगर, May 09, 2026

अनुष्का की फाइल फोटो।
कुशीनगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर में ईंट-भट्ठे के पास खेल रहे तीन मासूम बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। साथ खेल रही एक अन्य बच्ची किसी तरह बाहर निकली और परिजनों को सूचना दी।
रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले गए। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्चों के मौत की खबर सुनते ही परिजन बदहवास हो गए।
जानकारी के मुताबिक ग्रामसभा मैनपुर के दीनापट्टी गांव में स्थित आरएम मार्का ईंट-भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार के साथ काम करते हैं। शनिवार सुबह सभी परिजन भट्ठे पर काम कर रहे थे। उनके बच्चे अभय पुत्र पंचु (निवासी फरहदा, बिलासपुर), अनन्या (7 वर्ष) पुत्री लखन (निवासी अकलतारा, जांजगीर चांपा) और अनुष्का (ढाई वर्ष) पुत्री सुखन (निवासी फरहदा, बिलासपुर) एक अन्य बच्चे के साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते ये बच्चे ईंट बनाने के लिए खोदी गई मिट्टी से बने एक गड्ढे के पास पहुंच गए। इसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। चारों बच्चे खेलते हुए पानी में गिर गए।
उनमें से एक बच्ची किसी तरह गड्ढे से बाहर निकली और रोते हुए काम कर रहे परिजनों के पास जाकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC कसया लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इसकी जानकारी जैसे परिजनों को मिली चीख-पुकार मच गई। बेटा आंखें खोलो… देखो मम्मी आ गई… यह कहते हुए मां अपनी मासूम बच्ची के शव को सीने से लगाकर बिलखती रही। वह कभी बच्ची के चेहरे को सहलाती तो कभी उसे उठाने की कोशिश करती। मां बार-बार यही कह रही थी। यह दर्दनाक मंजर देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस सीएचसी पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Updated on: 12 May 2026 02:33 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।