कुचामन शहर, Jun 04, 2026

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़। फाइल फोटो पत्रिका
Madan Rathore : कुचामनसिटी. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को आरएलपी कार्यकर्ताओं की ओर से काले झंडे दिखाने को लेकर दर्ज मुकदमे के आरोपियों पर पुलिस ने बुधवार को इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के अनुसार कुचामन सिटी थाने में 30 मई को दर्ज मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने यह कदम उठाया है। इसके तहत सुरेन्द्रनगर निवासी भूराराम शेषमा पुत्र पूसाराम जाट पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। उनके साथ ही फरार चल रहे हिरानी निवासी रामनिवास कांटिया पुत्र मोहनाराम, रसाल निवासी मुकेश सारण उर्फ मोदी पुत्र पूसाराम और राणासर निवासी दिनेश कूकना पुत्र मोहनराम पर 2100-2100 रुपए का इनाम घोषित किया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इन आरोपियों को गिरफ्तार करवाने या इनके छिपने के ठिकाने के संबंध में सूचना देने पर नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
विजय सिंह पलाड़ा और सीआइ सतपाल सिंह ने इन आरोपियों के खिलाफ 30 मई को मुकदमा दर्ज करवाया था। प्रकरण में कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक ने चार आरोपियों पर इनाम घोषित किया है।
महावीर प्रसाद, एसएचओ, कुचामन सिटी
मामले में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना कोई अपराध नहीं है। कुचामन में आरएलपी के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें पहले शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया और बाद में उन पर राजकार्य में बाधा डालने के मुकदमे दर्ज किए।
अब उन्हें पकड़ने के लिए हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की तरह इनाम भी घोषित कर दिया गया। यह राज्य सरकार की नैतिकता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। देखना आगे क्या होता है।
बीते शुक्रवार को कुचामन सिटी में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के दौरे के दौरान आरएलपी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर और सरकार विरोधी नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जवाहर स्कूल के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। इसी घटना के बाद शुरू हुआ राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इस घटना में रोज नए अपडेट हो रहे हैं।
Published on: 04 Jun 2026 08:20 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।