14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में यहां भारी बारिश का अलर्ट, सोमवार को भी स्कूल बंद रहेंगे, मकान की छत गिरी, महिला की मौत

मौसम विभाग ने हाड़ौती अंचल में रविवार को फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके चलते बूंदी में स्कूलों में सोमवार का भी अवकाश घो​षित कर दिया है। बाढ़ के कारण ट्रेनों का संचालन बुरी तरह गड़बड़ा गया है। कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र में 200 से अ​धिक मकान गिर चुके हैं। भारी बारिश के बाद अब सुल्तानपुर के इस्लाम नगर में दर्दनानक हादसा हो गया।

4 min read
Google source verification
kota

कोटा के देवली अरब रोड पर जल भराव क्षेत्र का दौरा करते हुए विधायक कल्पना देवी

. मौसम विभाग ने हाड़ौती अंचल में रविवार को फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके चलते बूंदी में स्कूलों में सोमवार का भी अवकाश घो​षित कर दिया है। बाढ़ के कारण ट्रेनों का संचालन बुरी तरह गड़बड़ा गया है। कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र में 200 से अ​धिक मकान गिर चुके हैं। भारी बारिश के बाद अब सुल्तानपुर के इस्लाम नगर में दर्दनानक हादसा हो गया। पक्के मकान की छत गिर गई। छत गिरने से दम्पती मलबे में दब गए।पति जावेद अख्तर व 30 वर्षीय पत्नी यास्मिन को गंभीरावस्था में कोटा रैफर किया है।कोटा मे उपचार के दौरान यास्मीन की मौत हो गई।

200 से अधिक कच्चे मकान ढह गए

अतिवृष्टि से कोटा जिले के दीगोद उपखण्ड क्षेत्र में 200 से अधिक कच्चे मकान ढह गए। बेघर लोगों को प्रशासन ने अलग-अलग जगह ठहराया। सुल्तानपुर और दीगोद क्षेत्र में सेना राहत कार्यों के बाद लौट गई। निमोदाहरिजी गांव में सेना ने 50 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया। यहां गर्भवती को भी सुरक्षित निकाला गया। उधर, बूंदी जिले के नैनवां व कापरेन बाढ़ के पानी से घिर गए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के अलावा सेना ने यहां पहुंचकर पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला।

जिला मुख्यालय से सम्पर्क कटा

सुल्तानपुर क्षेत्र का कोटा जिला मुख्यालय से सम्पर्क कटा रहा। मारवाड़ा चौकी रेलवे अंडरब्रिज पर लगातार दूसरे दिन भी देर शाम तक उफान होने से यातायात अवरुद्ध रहा। एक्सप्रेस हाइवे भी बंद होने से जिला मुख्यालय से सम्पर्क पूरी तरह टूट गया। बाढ़ के बाद क्षेत्र में सैकड़ों कच्चे मकान गिरने से कई परिवार बेघर हो गए। इन क्षेत्रों में 36 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। कोटा शहर में दिनभर बारिश का दौर चला। कोटा में साढ़े तीन इंच (87.4) बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते कई कॉलोनियां जलमग्न हो गई। कोटा बैराज के दो गेट खोलकर साढ़े 14 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। आलनिया बांध पर चादर चल गई। पीपल्दा क्षेत्र में तेज बारिश से सूखनी नदी उफान पर होने से करवाड़ व शहनावदा मार्ग बंद रहा। कुन्दनपुर में एक कच्चा मकान ढह गया।

कनक सागर तालाब के ओवरफ्लो से तीन दुकानें ढही

बूंदी जिले में लगातार हो रही बारिश से शनिवार को भी शहर सहित नैनवां, कापरेन, दुगारी में बाढ़ जैसे हालात बने रहे। जिले में नदी-नाले उफान पर होने से कई मार्ग अवरुद्ध रहे। शहर में रात से बारिश होने तथा नवल सागर व जैतसागर से पानी की निकासी किए जाने से महावीर कॉलोनी, देवपुरा, बीबनवां रोड क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने रहे। वहीं नैनवां शहर व क्षेत्र में बाढ़ से हालात बिगड़ गए। यहां पर सेना बुलानी पड़ी। रात से ही कई मकानों में पानी भरा हुआ है। कनकसागर तालाब के ओवरफ्लो पानी से तीन दुकानें ढह गई। खानपोल दरवाजा के पास परकोटा गिर गया।

गुढ़ा बांध के आठ गेट खोले

हिण्डोली क्षेत्र में झमाझम बारिश के चलते गुढ़ा बांध के आठ गेटों से पानी की निकासी की जा रही है। खटकड़ रिहाना ग्राम पंचायत के मालियों की बाड़ी मजरा के लगभग डेढ़ सौ लोग मेज नदी के उफान में फंस गए। मजरा के चारों ओर पानी होने से गांव टापू बन गया। सूचना पर प्रशासन रेस्क्यू में जुट गया।

स्कूल भवन की दीवार गिरी

इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ली गांव में राउप्रावि की दीवार रात 2 बजे भरभरा कर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। छत्रपुरा निवासी मृतक महिला मनभर बाई (65) पत्नी छत्रलाल सैनी बेटी के खेत पर रहती थी। दबलाना थाना क्षेत्र के ग्राम रेण में खेत पर चारा लेने गई महिला कैलाशी बाई गुर्जर (51) खाळ पार करते समय पानी में बह गई।

अकलेरा में एक इंच बारिश, बकानी सूखा

झालावाड़ जिले में बरसात का दौर शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक अकलेरा तहसील क्षेत्र में 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अकलेरा और खानपुर में अच्छी बारिश हुई। भालता क्षेत्र में जोरदार बारिश के बाद छापी बांध के 2 गेट खोलकर जल निकासी की गई।

बारिश से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक बाधित

अतिवृष्टि के चलते दिल्ली-मुंबई रेल लाइन पर सवाई माधोपुर जंक्शन पर पटरियों पर पानी भरने से छह में से पांच रेलवे लाइनों पर संचालन ठप हो गया है। ऐसे में रेलवे लाइन नंबर 3 पर से धीमी गति से ट्रेनों को निकाला जा रहा है, जबकि 3 ट्रेनों का मार्ग भी बदल दिया गया है। ऐसे में दो दर्जन से अधिक ट्रेनें घंटों देरी से चल रही है, जबकि 3 ट्रेनों का मार्ग बदलकर उन्हें चंदेरिया होकर संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

6 रेलवे लाइन में से पांच जलमग्न

कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने कहा कि भारी बारिश के चलते सवाईमाधोपुर जंक्शन पर 6 रेलवे लाइन में से पांच जलमग्न होने से इन पर यातायात ठप हो गया है। ऐसे में रेलव लाइन नंबर 3 पर से ट्रेनों को लाखेरी से तक जलभराव के कारण धीमी गति से निकाला जा रहा है। इसके चलते ट्रेनों के संचालन का समय प्रभावित हो रहा है।

ये ट्रेनें चल रही देरी से

उदयपुर सिटी-हजरत निजामुद्दीन मेवाड़ एक्सप्रेस, भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस, कोटा-हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी, ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस, जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल, मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट, कोटा-यमुना ब्रिज पैसेंजर, गांधीधाम-भागलपुर फेस्टिवल स्पेशल, उदयपुर सिटी-आगरा कैंट वंदे भारत, बांद्रा टर्मिनस-गाजीपुर सिटी सुपरफास्ट, इंदौर-भगत की कोठी रणथंभौर, बांद्रा टर्मिनस-बरौनी अवध एक्सप्रेस, सोगरिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट, कोटा-श्रीमाता वैष्णो देवी एक्सप्रेस, पाटलीपुत्र-उदयपुर सिटी हमसफर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-सोगरिया सुपरफास्ट, बरौनी बांद्रा-टर्मिनस अवध एक्सप्रेस, भगत की कोठी- बिलासपुर सुपरफास्ट, भगत की कोठी-इंदौर रणथंभौर एक्सप्रेस, जयपुर-पुणे एक्सप्रेस, राजगीर अहमदाबाद अजीमाबाद एक्सप्रेस और आगरा फोर्ट- कोटा पैसेंजर देरी से चल रही है।

ये ट्रेनें चंदेरिया होकर की संचालित -

कोटा रेल मंडल होकर गुजरने वाले सवाई माधोपुर में भारी बारिश के चलते रेलवे स्टेशन व आसपास पटरियों पर पानी भरने के कारण सवाईमाधोपुर के रेलवे लाइन नंबर 1, 4, 5 और 6 पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है। ऐसे में रेलवे लाइन नंबर 3 से धीमी गति से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रेन नंबर 12956 जयपुर मुम्बई सेन्ट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 22981 दिल्ली-वाराणसी का मार्ग बदला गया है। तीनों ट्रेनों का संचालन चंदेरिया होते हुए किया गया।