4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा, Jun 04, 2026

खंडवा जिले में गांजा तस्करी का जाल, 16 हॉट स्पॉट से युवाओं तक पहुंच रहा नशा

कभी गांजे की खेती के लिए चर्चित रहा जिला अब गांजा तस्करी और मादक पदार्थ के अवैध कारोबार के नए नेटवर्क का केंद्र बनता जा रहा है। जिले की सीमाओं से लगे महाराष्ट्र और पड़ोसी खरगोन जिले से गांजे की खेप लगातार पहुंच रही है। इसका असर यह है कि शहर में नशे के 16 हॉट स्पॉट सक्रिय हैं, जहां से युवाओं तक आसानी से गांजा और अन्य मादक पदार्थ पहुंच रहे हैं। हाल ही में कोतवाली पुलिस ने कंजर मोहल्ले में कार्रवाई कर 12 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गांजा तस्करी
  • कोतवाली पुलिस ने खरगोन के गांजा तस्कर, दो पेडलर को किया गिरफ्तार
  • गिरफ्तार आरोपियों से 80 हजार रुपए कीमत का 12 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त

कोतवाली थाना क्षेत्र का कंजर मोहल्ला लंबे समय से नशे के कारोबार का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। मंगलवार रात थाना प्रभारी प्रवीण आर्य और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले के ग्राम सोलाना निवासी सदाशिव सिसोदिया सहित दो स्थानीय पेडलरों शुभम महेश्वर और शिवा महेश्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 800 ग्राम गांजा और एक बाइक जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजे की खेप इन दोनों आरोपियों को सप्लाई करने आया था।

सोशल मीडिया से हो रही तस्करी की डील

पुलिस जांच में सामने आया है कि गांजा तस्करी के लिए सोशल मीडिया और व्हाट्सएप कॉल का उपयोग किया जा रहा है। मोबाइल नंबर साझा करने के बाद सप्लायर और पेडलर आपस में संपर्क करते हैं। तस्कर एक बार में 10 किलो तक गांजा लेकर आते हैं और रात के समय ग्रामीण रास्तों से शहर में प्रवेश करते हैं। अधिकांश डिलीवरी रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच की जाती है।

100 से 200 रुपये में बिक रही गांजे की पुड़िया

गांजा बेचने वाले पेडलर इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचते हैं। बाजार में गांजे की दो अलग-अलग गुणवत्ता उपलब्ध है, जिनकी कीमत भी अलग है। 10 ग्राम की एक पुड़िया 100 से 200 रुपये तक में बेची जा रही है। नशे के आदी युवक प्रतिमाह हजारों रुपये इस लत पर खर्च कर रहे हैं।

रामेश्वर टेकड़ा और कंजर मोहल्ला बने हॉट स्पॉट

शहर के कोतवाली, मोघट और पदमनगर थाना क्षेत्रों में करीब 16 स्थान ऐसे हैं जिन्हें पुलिस ने नशे के हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इनमें रामेश्वर टेकड़ा और कंजर मोहल्ला प्रमुख हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन क्षेत्रों में गांजा, चरस और नशीली दवाओं का अवैध कारोबार लंबे समय से जारी है।

10 वर्षों में 227 तस्कर गिरफ्तार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 31 प्रकरण दर्ज कर 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान 47 किलो 447 ग्राम गांजा, 1 किलो 24 ग्राम अफीम और 1468 अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त की गई थीं। पिछले 10 वर्षों में जिले में मादक पदार्थ तस्करी के 220 प्रकरण दर्ज कर 227 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बावजूद नशे का अवैध कारोबार पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है।

- मादक पदार्थ तस्करी व बेचने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 1.53 लाख रुपए की अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ सप्लायरों का एक नेटवर्क पकड़ा था। अब गांजा तस्कर और पेडलर पर कार्रवाई की है। चिन्हित हॉट स्पॉट पर कार्रवाई को लेकर कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाएगी। जिससे की यहां दोबारा कोई इस अवैध गतिविधियों में शामिल होने की सोचे भी नहीं। - अगम जैन, पुलिस अधीक्षक।


कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें