7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इस शहर में चोरों का आतंक, लोगों को दूर भगवान को भी नहीं छोड़ रहे चोर, 48 घंटे में हुईं लाखों की चोरी

MP News : एमपी के कटनी जिले में शहर से लेकर गांव तक चोरों का आतंक है। बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा थाना इलाकों में महज 48 घंटों में हुई चोरी की 03 वारदातों में लाखों रुपए और माल चोरी गया है। स्थानीय लोग पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।

2 min read
Google source verification
MP News

कटनी में चोरों का आतंक (Photo Source- Patrika)

MP News : सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन की ओर से किए जाने वाले तमाम दावों के बावजूद मध्य प्रदेश के कटनी में चोरों का आतंक है। शहर से लेकर गांव तक पुलिस की जगह चोरों की गश्त से लोग परेशान हैं। खासकर जिले के ग्रामीण इलाकों में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बीते 48 घंटों के भीतर बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन बड़ी वारदातें सामने आ चुकी हैं। यहां चोरों ने न सिर्फ सूने मकानों को निशाना बनाया, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तुओं जैसे- चांदी के मुकुट और छत्र पर भी हाथ साफ कर दिया।

बहोरीबंद थाना इलाके में आने वाले ग्राम बचैया में एक सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। 33 वर्षीय प्रार्थी सुखचैन प्रजापति ने पुलिस को बताया कि, 20 जनवरी की दोपहर जब घर पर कोई नहीं था, तभी अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बड़ी आसानीसे घर में घुसकर सोने का हार, कंगन, बाले, अंगूठी, सोने की चेन, भारी मात्रा में चांदी की पायल, बिछिया एवं 60 हजार रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। इधर, मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरों ने भगवान को भी नहीं छोड़ा

ढीमरखेड़ा थाना इलाके के ग्राम सिलौड़ी में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में चोरों ने मंदिर से कीमती चांदी के मुकुट और छत्र चोरी कर लिए। इस मामले में विष्णु प्रसाद मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।

घर से भी चांदी के मुकुट चोरी

वहीं, एक अन्य वारदात ग्राम सिलौड़ी के ही रहने वाले 62 वर्षीय छोटेलाल चक्रवर्ती के घर से दिनदहाड़े सुबह 9 से 11 बजे के बीच अंजाम दी गई। यहां चोरों ने करीब 45 हजार रुपए कीमत के 03 चांदी के मुकुट चोरी किए हैं। दिनदहाड़े हुई चोरी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने रात और दिन में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।