
hospital katni
कटनी. जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को एक बार फिर अव्यवस्था का आलम देखने को मिला। बड़ी संख्या में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें घंटों तक डॉक्टरों का इंतजार करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक ओपीडी में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं रहा, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार होने के कारण अस्पताल में मरीजों की भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी। शनिवार और रविवार को अवकाश रहने के कारण कई मरीज सोमवार को ही इलाज के लिए पहुंचते हैं। सुबह से ही ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग गई थी। पहले मरीजों को पर्ची कटवाने के लिए करीब एक घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। इसके बाद वे डॉक्टर के इंतजार में डेढ़ से दो घंटे तक बैठे रहे, लेकिन काफी देर तक कोई चिकित्सक ओपीडी में नहीं पहुंचा। मरीजों ने जिला प्रशासन से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
डॉक्टरों के इंतजार में कई मरीज थक-हारकर जमीन पर बैठ गए। कुछ मरीज अपने छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ आए थे, जिन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कई मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ के अनुसार सुबह कुछ समय के लिए डॉक्टर परितोष सोनी ओपीडी में मौजूद थे, लेकिन उसके बाद वे वार्ड राउंड पर चले गए। इसके बाद करीब ढाई घंटे तक ओपीडी में कोई भी डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहा। इस दौरान सैकड़ों मरीज इलाज के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल सका।
मरीजों का कहना है कि जिला अस्पताल में यह समस्या नई नहीं है। अक्सर डॉक्टर समय पर ओपीडी में नहीं बैठते, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित निगरानी नहीं होने के कारण लापरवाही बढ़ती जा रही है और इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है। शहर के राजेश चौधरी का कहना है कि जिला अस्पताल में अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है। मरीजों की भीड़ के बावजूद डॉक्टर समय पर ओपीडी में नहीं पहुंचते। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
सुबह करीब 9.30 बजे से अस्पताल में बैठे हुए हैं। पहले पर्ची बनवाने में काफी समय लगा और उसके बाद दो घंटे से डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनका इलाज नहीं हो पाया है।
सुबह से ही अस्पताल में लाइन में लगी हूं लेकिन डॉक्टर नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। अगर जल्द इलाज नहीं मिला तो मजबूरी में निजी अस्पताल जाना पड़ेगा। अस्पताल में यह आएदिन की समस्या है।
मचला बाई, मरीज
जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों के निर्धारित समय पर उपस्थित न होने की जानकारी मिली है। जल्द ही औचक निरीक्षण किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करेंगे।
Published on:
10 Mar 2026 09:14 am
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
