29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर, May 27, 2026

Train News: रानीखेत एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच के साथ दौड़ेगी, फलोदी-जैसलमेर के यात्रियों को मिलेगी राहत

Ranikhet Express: राजस्थान को उत्तराखंड से जोड़ने वाली रानीखेत एक्सप्रेस अब आधुनिक एलएचबी कोच के साथ चलेगी। इससे फलोदी, रामदेवरा और जैसलमेर क्षेत्र के यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।

Ranikhet Express news

फाइल फोटो- पत्रिका

फलोदी। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान को उत्तराखंड से जोड़ने वाली काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस अब आधुनिक एलएचबी रैक के साथ दौड़ेगी। रेलवे के इस फैसले से फलोदी, रामदेवरा और जैसलमेर क्षेत्र के यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सकेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 15014/15013 रानीखेत एक्सप्रेस और 25014/25013 रानीखेत लिंक एक्सप्रेस में पारंपरिक आईसीएफ कोच हटाकर एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। काठगोदाम से यह व्यवस्था एक अगस्त और जैसलमेर से तीन अगस्त से लागू होगी।

यह वीडियो भी देखें

यात्रा अधिक आरामदायक होगी

रानीखेत एक्सप्रेस फलोदी क्षेत्र के यात्रियों के लिए उत्तर भारत की महत्वपूर्ण रेल सेवा मानी जाती है। गर्मी की छुट्टियों, पर्यटन सीजन और धार्मिक यात्राओं के दौरान इस ट्रेन में भारी यात्रीभार रहता है। ऐसे में एलएचबी कोच लगने से लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक हो जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से लैस होते हैं। इनमें एंटी-टेलिस्कोपिक तकनीक होने से दुर्घटना के दौरान डिब्बे एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते, जिससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ जाती है।

इसके अलावा इन कोचों में बेहतर सस्पेंशन सिस्टम होने से झटके कम लगते हैं और ट्रेन तेज गति में भी अधिक स्थिर रहती है। कोचों में शोर कम होता है और ब्रेकिंग सिस्टम भी अधिक प्रभावी माना जाता है। इससे यात्रियों को सफर के दौरान अधिक आराम मिलेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई तकनीक वाले इन कोचों से यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। लंबे सफर में यात्रियों को थकान भी कम महसूस होगी।

बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा

नई संरचना में एसी फर्स्ट, एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। रेलवे जानकारों का कहना है कि एलएचबी रैक लगने के बाद फलोदी-जैसलमेर रूट की इस महत्वपूर्ण ट्रेन की समयपालन क्षमता और संचालन गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

14 ट्रेनों में जुड़ेंगे 35 अतिरिक्त डिब्बे

वहीं दूसरी तरफ ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पहल की है। जोधपुर मंडल से संचालित होने वाली 14 जोड़ी ट्रेनों में जून माह के लिए अस्थायी रूप से 35 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। यह निर्णय प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत प्रदान करेगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त मांग को ध्यान में रखते हुए एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के डिब्बों की बढ़ोतरी की जा रही है।

इन डिब्बों को जयपुर-जोधपुर, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-भगत की कोठी, जोधपुर-वाराणसी सिटी, जोधपुर-दादर, भगत की कोठी-दादर, भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस, जैसलमेर-साबरमती, भगत की कोठी-तिरुच्चिराप्पल्ली, बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस और जोधपुर-दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख रेलसेवाओं में जोड़ा जाएगा। यह सुविधा 1 से शुरू होकर 30 जून तक उपलब्ध रहेगी, जिससे जयपुर, इंदौर, वाराणसी, मुंबई व दिल्ली जैसे प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ मिल सकेगी।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें