जोधपुर, May 31, 2026

बाइक सवार पर गिरा पेड़ (फोटो-पत्रिका)
जोधपुर। जिले सहित पश्चिमी राजस्थान में शनिवार शाम आए भीषण अंधड़ और धूलभरी आंधी ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं की चपेट में आने से भोपालगढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि हजारों बिजली पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 98 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई।
सबसे गंभीर हादसा भोपालगढ़-पालड़ी मार्ग पर हुआ, जहां तेज अंधड़ के दौरान एक विशाल पेड़ अचानक सड़क से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार पर गिर पड़ा। हादसे में हिंगोली निवासी दयालराम पुत्र धन्नाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तत्काल भोपालगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
अंधड़ का सबसे अधिक असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा है। जोधपुर जिले में दो हजार से अधिक बिजली पोल गिरने की सूचना है। बिजली विभाग की टीमें लगातार क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं, लेकिन कई क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य होने में समय लग सकता है।
लोहावट उपखंड के ढेलाणा गांव में स्थित 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन का 11 केवी यार्ड पूरी तरह धराशायी हो गया। यहां 3.15 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार अंधड़ में 33 केवी लाइन के 40 पोल, 11 केवी लाइन के 420 पोल, एलटी लाइन के 210 पोल और खेतों में लगे 56 ट्रांसफार्मर गिर गए। कई गांवों में बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित रही।
बोरुन्दा, बेलवा, डेरिया, रावलगढ़ और गोपालसर सहित अनेक गांवों में भी पेड़ उखड़ गए, टीन शेड उड़ गए और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। बेलवा क्षेत्र में किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा। राजाबंद गांव की नींबू नर्सरी में तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में फल झड़ गए, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत प्रभावित हुई।
हालांकि तबाही के बीच राहत की खबर यह रही कि अंधड़ के बाद कई इलाकों में हुई बारिश से भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत मिली। रविवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बिजली व्यवस्था बहाल करने और नुकसान का आकलन करने का काम अभी भी जारी है।
Published on: 31 May 2026 07:22 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।