जोधपुर.
बाड़मेर हाईव पर नारनाडी गांव के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार व लापरवाही से आए अज्ञात वाहन की चपेट से मोटरसाइकिल सवार एक कांस्टेबल की मृत्यु हो गई।
बोरानाडा थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि मूलत: टोडा भीम हाल जोधपुर निवासी दलगंजी मीना (30) बोरानाडा थाने में कांस्टेबल था। वह रात साढ़े आठ बजे मोटरसाइकिल पर नारनाडी से बोरानाडा की तरफ आ रहा था। वह वर्दी में था और हेलमेट भी पहने हुए था। नारनाडी गांव पहुंचा तो तेज रफ्तार व लापरवाही से आए अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। वहां से निकल रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में कांस्टेबल को एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कांस्टेबल दलगंजी मीना की मृत्यु हो गई। परिजन को सूचित कर शव मोर्चरी में रखवाया गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन का पता नहीं लग पाया है।
कांस्टेबल दलगंजी मीना के शव को शनिवार को पुलिस सम्मान से अंतिम विदाई दी गई। पोस्टमार्टम के बाद एम्स मोर्चरी के बाहर ही पुलिस अधिकारी व साथी जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंपा।तत्पश्चात एम्स मोर्चरी परिसर में ही तिरंगे में लिपटे कांस्टेबल के शव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम निशांत भारद्वाज, सहायक पुलिस आयुक्त आनंदसिंह राजपुरोहित, थानाधिकारी शकील अहमद, बासनी थानाधिकारी नितिन दवे, संचित निरीक्षक मोहम्मद शफीक खान ने पुष्प चक्र अर्पित किए। वहीं, साथी जवानों व परिजन ने पुष्पांजलि अर्पित की कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। इसके बाद पुलिस वाहन में दलगंजी मीना के शव को पैतृक गांव टोडा भील के दांतल भेजा गया, जहां पुलिस सम्मान से शव का अंतिम संस्कार किया गया।
दलगंज मीना वर्ष 2015 बैच का कांस्टेबल था। वह 18 जुलाई 2013 से बोरानाडा थाने में पदस्थापित था। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ही गंभीर घायलावस्था में कांस्टेबल को एम्स लेकर आया था। उसी ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
Updated on:
14 Jul 2025 04:49 pm
Published on:
12 Jul 2025 11:30 pm