केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सत्ता बदलने की साजिश दिल्ली में कांग्रेस के राज में होती थी।
उस समय अशोक गहलोत को सत्ता बचाने के लिए होटलों में छिपना पड़ता था। ऐसी संस्कृति भाजपा में नहीं है। भाजपा अनुशासित पार्टी है। रविवार को राजस्थान के झुंझुनूं शहर के सर्किट हाउस में सत्ता का चेहरा बदलने की दिल्ली में साजिश रचने के गहलोत के बयान पर शेखावत ने कहा कि गहलोत उस पुरानी बीमारी से ग्रसित हैं, जो उनके समय के हालात में उनको थी। उनके समय में ऐसी साजिश होती थी। उनके समय उनकी पार्टी में असंतोष था, रोज उनको लगता था कि उनकी सरकार गिर सकती है। गहलोत अभी भी उसी स्वपन की अवस्था में है। यह भारतीय जनता पार्टी है, इसमें ऐसे काम नहीं होते। यह अनुशासित पार्टी है। लोकसभाध्यक्ष व विधानसभाध्यक्ष के दबाव में काम करने के बयान पर शेखावत ने कहा कि गहलोत जब दो बार मुख्यमंत्री पद से हटे तब दिल्ली में उनको केन्द्रीय संगठन में पद दिया गया। अब तीसरी बार उनको दिल्ली में अस्वीकार कर दिया गया। अब खुद को प्रासंगिक बनाने के लिए ऐसी अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। गहलोत उस पार्टी के नेता हैं, जिन्होंने आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या प्रत्यक्ष रूप से की थी। इनके नेता संविधान को जेब में रखते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान की पूजा करते हैं।
शेखावत ने कहा कि शेखावाटी सहित पूरे राजस्थान में टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। शेखावाटी में हेरिटेज सम्पदा है। सरकार से जो भी प्रस्ताव आएंगे उन पर चर्चा कर पर्यटन को बढावा दिया जाएगा।
झुंझुनूं होते हुए जोधपुर तक ट्रेन चलाने के खुद के बयान पर शेखावत ने कहा कि इसकी तैयारी चल रही है। रेलवे बोर्ड में मामला चल रहा है। सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर बात करेंगे। यदि आवश्यकता होगी तो ट्रेन जरूर चलाई जाएगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी, विधायक राजेन्द्र भाम्बू व अन्य मौजूद रहे।
Published on:
30 Jun 2025 01:00 pm