उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की महेंद्रपुरी कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका ने प्रेमी से ₹20,000 मांगे थे, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि प्रेमी ने प्रेमिका का गला घोंट दिया और उसे सीढ़ियों से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक महिला की काल डिटेल के आधार पर मुकरयाना निवासी दिलीप साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।
सूती मिल कॉलोनी की रहने वाली चंपा रायकवार के पति का निधन करीब 20 साल पहले हो गया था। उनके एक बेटा और एक बेटी है, जिनके पालन-पोषण के लिए चंपा घरों में काम करती थीं। लगभग तीन साल पहले वह दिलीप के संपर्क में आईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
शुक्रवार शाम को चंपा का अपने बेटे से विवाद हो गया, जिसके बाद वह बिना किसी को बताए घर से चली गईं। रात करीब 10:30 बजे जब उनकी बेटी ने फोन किया तो उन्होंने घर न आने की बात कही। इसके कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। रात भर तलाश करने पर भी चंपा का कोई पता नहीं चला।
शनिवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक निर्माणाधीन मकान की सीढ़ियों पर चंपा का शव मिला। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर दिलीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरी घटना स्वीकार कर ली। दिलीप ने बताया कि चंपा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसने उसका मोबाइल फोन आतिया तालाब में फेंक दिया था।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद ही कारण लग रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
27 Jul 2025 02:35 pm
Published on:
27 Jul 2025 02:31 pm