
धक्का लगने से किशोरी पानी के टैंक में गिरी ,फोटो सोर्स - GPT
UP Crime News :यूपी के उरई से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां बड़ी बहन ने कागज पर पेंटिंग बनाई, लेकिन छोटी बहन ने उस पेंटिंग का मजाक उड़ा दिया। बड़ी बहन यह बात बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने छोटी बहन को चांटा मार दिया। इसके बाद दोनों बहनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला मौत के मंजर में बदल गया।
उरई के कोटरा इलाके में रहने वाली एक बड़ी बहन ने कागज पर एक पेंटिंग बनाई थी। छोटी बहन ने उसे देखते ही उसका मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। बस यही बात बड़ी बहन को चुभ गई। उसे इतना गुस्सा आया कि उसने अपनी छोटी बहन को एक जोरदार चांटा जड़ दिया। छोटी बहन ने भी पलटकर हाथापाई शुरू कर दी। दोनों बहनों के बीच घर के बाहर जमकर खींचतान हुई। झगड़े के दौरान बड़ी बहन ने छोटी को ऐसा धक्का दिया कि वह पास ही बने सात फीट गहरे पानी के टैंक में जा गिरी।
जब छोटी बहन पानी में डूबने लगी, तो बड़ी बहन ने उसे बचाने की कोशिश तो की लेकिन बचा नहीं पाई और वह बुरी तरह डर गई। डर के मारे उसने शोर तक नहीं मचाया और चुपचाप वहां से एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने चली गई। जब मां घर लौटी और छोटी बेटी नहीं मिली, तो बड़ी बहन ने कहा कि उसे नहीं पता वो कहां है। आसपास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। गांव वाले भी उसकी खोज में जुट गए। देर रात किशोरी का शव टैंक में पड़ा मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी विमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस को शुरू से ही बड़ी बहन के व्यवहार पर शक था। जब घर में छोटी बहन की लाश मिली, तो बड़ी बहन के चेहरे पर एक अजीब सी खामोशी और सामान्य भाव थे। पुलिस ने गौर किया कि उसके कपड़े भी थोड़े गीले थे और टैंक के पास उसकी बालों की क्लिप भी गिरी मिली थी। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो बड़ी बहन ने पूरी सच्चाई उगल दी। पुलिस ने आरोपी बहन के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
Published on:
22 Jan 2026 06:06 pm
बड़ी खबरें
View Allजालौन
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
