10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इंदिरा गांधी नहर में पानी की कटौती, जैसलमेर जोन की फसलें सूखने की कगार पर

इंदिरा गांधी नहर में जैसलमेर जोन में सिंचाई पानी की कटौती से किसानों की फसलें गंभीर संकट में आ गई हैं। इसको लेकर किसानों की ओर कस्बे में महापंचायत बुलाई गई।

2 min read
Google source verification

इंदिरा गांधी नहर में जैसलमेर जोन में सिंचाई पानी की कटौती से किसानों की फसलें गंभीर संकट में आ गई हैं। इसको लेकर किसानों की ओर कस्बे में महापंचायत बुलाई गई। शहीद स्मारक पर आयोजित महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान दूर-दराज के इलाकों से विभिन्न साधनों से पहुंचे। जहां सिंचाई पानी को लेकर जिला कलेक्टर के नाम पुलिस थाना मोहनगढ में ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। किसानों का आरोप है कि तय रेगुलेशन के बावजूद उन्हें केवल 50 प्रतिशत पानी ही मिल रहा है, जिससे खड़ी फसलें सूखने लगी हैं। इसको लेकर नहरी किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

आधा पानी देकर किसानों को संकट में डाला

इंदिरा गांधी नहर के जैसलमेर जोन में सिंचाई पानी की भारी कमी से किसान परेशान हैं। सरकार की ओर से जारी रेगुलेशन के अनुसार जहां जैसलमेर जोन को 2100 क्यूसेक पानी मिलना चाहिए, वहीं 4 जनवरी से अब तक केवल 50 प्रतिशत पानी ही दिया जा रहा है। इससे फसलें फल-फूल की अवस्था में सूखने लगी हैं। किसानों ने बताया कि यदि समय रहते पूरा पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो रबी की फसल पूरी तरह चौपट हो सकती है। किसानों ने प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर सिंचाई पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।

पानी चोरी रोकने को नहर पर पुलिस चौकियों की मांग

नहरी किसानों ने आइजीएनपी नहर के जैसलमेर जोन में पानी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। किसानों ने 1254 आरडी से एसएमजी 314 आरडी तक नहर पर पुलिस चौकियां स्थापित कर पानी चोरी रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि पानी चोरी के कारण टेल क्षेत्र तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

डिग्गी अनुदान अटका, कर्ज में डूबे किसान

किसानों ने बताया कि डिग्गी निर्माण पर मिलने वाला 3 लाख रुपए का सरकारी अनुदान करीब एक वर्ष से लंबित है। अनुदान नहीं मिलने से किसान साहूकारों का कर्ज चुकाने में असमर्थ हो रहे हैं। किसानों ने इसी वित्तीय वर्ष में अनुदान भुगतान की मांग की है। किसानों का कहना था कि 21 जनवरी तक पूरा पानी नहीं दिया गया तो किसानों की ओर से 22 जनवरी से इंदिरा गांधी नहर के जीरो आरडी पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन व नहर विभाग की होगी। इस दौरान किसान नेता साहबान खां, कमलसिंह, हसन खां, तनेरावसिंह सांखला, किरताराम बेनिवाल, प्रेमकरणसिंह, चेतराम, हुकमाराम सहित अन्य किसान मौजूद रहे।