10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पोकरण में बिखरी लोक-संस्कृति की स्वर-लहरियां…लोकरंग, लोकताल और लोक-परंपराओं का दिखा अनूठा संगम

जग विख्यात मरु- महोत्सव की शुरुआत इस वर्ष भी पोकरण से की गई। महोत्सव के पहले दिन शोभायात्रा के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

2 min read
Google source verification

जग विख्यात मरु- महोत्सव की शुरुआत इस वर्ष भी पोकरण से की गई। महोत्सव के पहले दिन शोभायात्रा के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इससे पूर्व सुबह साढ़े 9 बजे नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, जिला कलक्टर प्रतापसिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण, अधिशासी अधिकारी झब्बरसिंह चौहान आदि की ओर से पंडित यश पुरोहित के सानिध्य में विधि विधान से पूजा-अर्चना की गई, साथ ही शिवलिंग पर दूध व जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद अतिथियों ने सालमसागर तालाब पर ही बैलून उड़ाकर व हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।

नृत्य व झांकियां रहे आकर्षण का केन्द्र

शोभायात्रा सालमसागर तालाब से रवाना हुई और फोर्ट रोड, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, जोधपुर रोड, अस्पताल रोड होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल स्वतंत्रता सेनानी गोविंदसिंह पडि़हार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान पहुंची। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। इसी तरह शोभायात्रा में कलाकारों की ओर से नृत्य सहित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई, जो आकर्षण का केन्द्र बनी रही। ऊंटों पर सवार बीएसएफ के जवान भी आकर्षण का केन्द्र रहे। पारंपरिक वेशभूषा के साथ कलाकारों ने डांडिया गैर व गरबा नृत्य प्रस्तुत किया और गीतों की प्रस्तुतियां दी, जिस पर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। कच्ची घोड़ी नृत्य की भी लोगों ने सराहना की।

बैलून उड़ाकर किया आगाज

चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम स्थल राउमावि मैदान में नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण, पर्यटन अधिकारी कमलेश्वरसिंह सोलंकी, विकास अधिकारी हनुमानाराम, तहसीलदार हजाराराम, अधिशासी अधिकारी झब्बरसिंह चौहान, मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी सुशीला महला सहित अतिथियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं बैलून उड़ाकर मरु-महोत्सव का आगाज किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झलका उत्साह

कार्यक्रम में कई कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। स्थानीय कलाकार रेंवतराम भील सहित कलाकारों ने भवाई, कच्छी घोड़ी नृत्य पेश किया। कुछ स्कूलों की बालिकाओं व बच्चों ने नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम के दौरान मरु-महोत्सव की प्रतिष्ठित मिस्टर पोकरण व मिस पोकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मिस्टर पोकरण प्रतियोगिता में 3 तो मिस पोकरण प्रतियोगिता में 4 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायकों की ओर से घोषित किए गए परिणाम के अनुसार पोकरण के वार्ड संख्या - 7 निवासी मनीष कुमार सैन को मिस्टर पोकरण और क्षेत्र के लोहारकी निवासी वर्षा भाटी को मिस पोकरण का खिताब दिया गया।

विजेताओं को किया सम्मानित

मरु- महोत्सव के मौके पर साफा बांधो, मटका दौड़ और महिला व पुरुष वर्गों की अलग-अलग रस्सा-कशी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साफा बांध में भोमसिंह जोधा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रस्सा-कशी पुरुष वर्ग में कपिल माली की टीम विजयी रही। महिला वर्ग में कुसुम माली की टीम ने जीत हासिल की। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार सैन, पुलिस वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़, पर्यटन अधिकारी खेमेन्द्रसिंह, एसीबीईओ हेमशंकर जोशी, नगरपालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक रामस्वरूप गुचिया, रवि ओझा, गुलाबसिंह राठौड़, भूरसिंह सांकड़ा, संतोष पालीवाल, श्रवण पूनिया, मेघसिंह जैमला, जूंझारसिंह लूणा, दिनेश व्यास, राजेश व्यास, वंदना शर्मा आदि उपस्थित थे। संचालन राजेश उज्ज्वल व सज्जनसिंह ने किया।