जयपुर, Jun 05, 2026

जयपुर. आगरा रोड़ पर गुरुवार शाम हुई तेज बारिश के बीच चमकती बूंदें। फोटो : दिनेश डाबी
Weather Update 5 June : मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को तीन घंटे में राजस्थान के 30 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 5 जून सुबह 5.58 बजे पर जारी मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार तीन घंटे में सीकर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनू, कोटपूतली बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, जयपुर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, सलूम्बर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बूंदी, सवाई माधोपुर, कोटा, बारां, झालावाड़, ब्यावर तथा राजसमंद जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन गरज-चमक, वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही अचानक तेज हवाएं 30-40 KMPH की रफ्तार से चलेंगी।
1- सामान्यतः कोई विशेष प्रभाव नहीं।
सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें। सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
2- बिजली के उपकरणों को अनप्लग करें और धातु की वस्तुओं/पानी के नल को न छुएं।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून 15 से 20 जून के बीच मध्यप्रदेश, गुजरात व राजस्थान में प्रवेश कर सकता है। 5 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेगा। इससे पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश होगी। मानसून 13 सितंबर से लौटना शुरू होगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभका असर गुरुवार को भी देखने को मिला। राज्य में 9 जिलों में आंधी-बारिश का दौर चला। जयपुर, अलवर, श्रीगंगानगर, उदयपुर, हनुमानगढ़, अजमेर और बीकानेर में आंधी के साथ बारिश हुई। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। भीलवाड़ा में ओले भी गिरे। मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पाकिस्तान क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण का असर राजस्थान के मौसम पर बना हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में जयपुर में गुरुवार शाम सात बजे बाद तेज आंधी चली और बारिश शुरू हुई। जिसके कारण तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। राजधानी में करीब 5 मिमी बारिश हुई।
जयपुर में आज शुक्रवार सुबह 8 बजे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजस्थान में पिछले सप्ताह (29 मई से 4 जून) के दौरान मौसम सामान्य से काफी अधिक सक्रिय रहा। इस अवधि में राजस्थान में औसतन 18.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 5.5 मिमी होती है। यानी राज्य में सामान्य से 230 फीसदी अधिक बारिश हुई। पूर्वी राजस्थान में यह आंकड़ा 338 फीसदी और पश्चिमी राजस्थान में 137 फीसदी अधिक रहा। इसी कारण 5 से 7 जून के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ और बारिश की गतिविधियां होने की प्रबल संभावना है।
शुक्रवार को 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद भी दूसरे सप्ताह में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है और प्री मानसून संबंधी गतिविधियां होने के आसार भी हैं।
घने काले बादलों के बीच आसमान में चमकी बिजली की ये लकीरें मानो संकटमोचन हनुमान की आरती उतार रही थीं। मौसम का यह रूप जहां प्रकृति की असीम शक्ति का अहसास करा रहा था, वहीं आगरा रोड स्थित 52 फीट ऊंचे हनुमानजी की यह अडिग प्रतिमा संकटों के बीच भी विश्वास और साहस का संदेश देती नजर आई। दूसरी ओर, गुरुवार रात को हुई झमाझम बारिश के बीच सड़क पर जमा पानी और गिरती बौछारें लाइटों की रोशनी में ऐसी चमकीं मानो पवनपुत्र के चरणों में बूंदों के दीपक' जगमगा उठे हों।
Published on: 05 Jun 2026 08:31 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।