
अपने हमशक्ल से मिलते डोटासरा। फोटो- पत्रिका
जयपुर। राजधानी की राजनीति में इन दिनों एक दिलचस्प संयोग चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के हमशक्ल के रूप में वायरल हुए नरेश सिंधी ने जब विधानसभा में उनसे मुलाकात की तो माहौल ठहाकों से गूंज उठा।
सोमवार को वे विधानसभा पहुंचे और डोटासरा से मुलाकात की। इस दौरान डोटासरा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने नरेश सिंधी को अपना धर्म भाई बना लिया है। यह सुनते ही वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हंसी का माहौल बन गया। डोटासरा यहीं नहीं रुके। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि आने वाले पंचायत और निकाय चुनाव में जहां वे खुद प्रचार के लिए नहीं पहुंच पाएंगे, वहां नरेश सिंधी को भेजा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में उन्हें चुनाव भी लड़वाया जा सकता है।
दरअसल, नरेश कुमार सिंधी की शक्ल-सूरत डोटासरा से काफी मिलती-जुलती है। डीडवाना जिले के लाडनूं क्षेत्र में रहने वाले नरेश को पहली नजर में देखने वाला अक्सर भ्रमित हो जाता है। डोटासरा जैसी मूंछें, वही कद-काठी और बोलने का अंदाज उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कार्बन कॉपी जैसा बनाता है।
नरेश कुमार पेशे से मेडिकल क्षेत्र में काम करते हैं और साथ ही अपना कैटरिंग व्यवसाय भी चलाते हैं। हाल ही में एक शादी समारोह में कैटरिंग के दौरान उनका वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे डोटासरा का निजी वीडियो समझ लिया।
मूल रूप से जयपुर के रहने वाले नरेश पिछले करीब 20 वर्षों से लाडनूं में बस गए हैं। उनका ससुराल भी वहीं है और वे सामान्य पारिवारिक जीवन जी रहे हैं। नरेश बताते हैं कि वीडियो वायरल होने के बाद उनकी जिंदगी बदल गई है। अब जहां भी जाते हैं, लोग उन्हें घेर लेते हैं और “डोटासरा जी आओ” कहकर पुकारते हैं। वे कहते हैं कि पहले उन्हें हैरानी हुई, लेकिन अब यह देख कर आश्चर्य होता है कि कुदरत किसी को इतना मिलता-जुलता कैसे बना देती है।
Updated on:
16 Feb 2026 09:06 pm
Published on:
16 Feb 2026 09:04 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
