जयपुर, May 31, 2026

ईसरदा-रामगढ़ जल परियोजना से भरेगा रामगढ़ बांध, पत्रिका फोटो
Isarda-Ramgarh Water Project: राजस्थान वाटर ग्रिड कॉर्पोरेशन ने ईसरदा बांध के पानी से जयपुर के ऐतिहासिक रामगढ़ बांध को फिर से भरने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। करीब 1888 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के तहत ईसरदा से रामगढ़ तक पाइपलाइन और नहर (हाइड्रोलिक कन्वेंस तकनीक) के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा। यदि कार्य निर्धारित समय पर पूरा हुआ तो जून 2028 तक रामगढ़ बांध में पानी पहुंचने लगेगा।
ईसरदा-रामगढ़ जल परियोजना के तहत 2600 एमएम व्यास की पाइपलाइन, 17 क्यूमेक क्षमता की नहर और पंपिंग स्टेशनों का विस्तृत खाका तैयार कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार ईसरदा में पंपिंग स्टेशन निर्माण का काम जून के अंतिम सप्ताह में शुरू हो सकता है।
राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर रामगढ़ बांध को पुनर्जीवित करने की मुहिम में राजस्थान पत्रिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्षों तक सूखे पड़े इस बांध की बदहाल स्थिति, घटते जलस्तर, पर्यावरणीय महत्व और पर्यटन संभावनाओं को राजस्थान पत्रिका ने लगातार प्रमुखता से उठाया। समाचार, विशेष रिपोर्ट, जनअभियान और विशेषज्ञों की राय के माध्यम से पत्रिका ने सरकार और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।
अभी तक प्रोजेक्ट की डिजाइन के अनुसार पानी लाने के लिए कहीं पाइप लाइन बिछाई जाएगी तो कहीं नहर बनाई जाएगी। पूरे प्रोजेक्ट में 70 किलोमीटर तक पाइप लाइन बिछेगी और 38 किलोमीटर तक नहर बनेगी।
ईसरदा से रामगढ बांध तक बिछने वाली पाइप लाइन और नहर और यहां बनने वाले पंपिंग स्टेशनों का रूट भी सामने आया है। ईसरदा से पानी निवाई, चाकसू, कानोता होते हुए रामगढ पहुंचेगा। निवाई, चाकसू व कानोता में पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
लागत: 1888 करोड़ रुपए
समय सीमा: 24 माह
भराव क्षमता: 52 एमक्यूएम
लाभार्थी क्षेत्र: आमेर, शाहपुरा, कोटपूतली और जमवारामगढ़
मार्ग: ईसरदा–निवाई–चाकसू–कानोता–रामगढ़ बांध
सर्वे में सामने आया है कि रामगढ़ बांध, ईसरदा बांध से लगभग 150 मीटर अधिक ऊंचाई पर स्थित है। इस कारण पानी को ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए चरणबद्ध पंपिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
रामगढ़ बांध के पुनर्जीवित होने से जयपुर को नया पर्यटन केंद्र मिलने की उम्मीद है। वर्ष 1983 में यहां एशियाई खेलों की जलक्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। भविष्य में बोटिंग और अन्य पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
संबंधित विषय:
Published on: 31 May 2026 07:13 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।