
Rajasthan Weather Update (Patrika Creative Photo)
Rajasthan Weather Update: जयपुर: राजस्थान में इस बार गर्मी ने उम्मीद से पहले ही दस्तक दे दी है। मार्च का महीना शुरू होते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं।
बता दें कि शनिवार को जयपुर समेत राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिसने आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के संकेत दे दिए हैं।
प्रदेश में गर्मी का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। शनिवार को बाड़मेर और सीकर का फतेहपुर सबसे गर्म इलाके रहे, जहां पारा 35.3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।
हैरान करने वाली बात यह है कि श्रीगंगानगर, पिलानी और बीकानेर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान साफ होने और शुष्क हवाओं के चलते धूप की तीव्रता बढ़ गई है।
सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि अब रात के तापमान में भी उछाल देखने को मिल रहा है। जयपुर, बाड़मेर और फलोदी में न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे अब रातों में भी हल्की गर्मी और उमस महसूस होने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन होली और धुलंडी के आसपास पारा 2 से 3 डिग्री और बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च के तीसरे सप्ताह तक राजस्थान के कई शहरों में हीटवेव (लू) का दौर शुरू हो सकता है। मार्च के पहले सप्ताह में तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
Published on:
01 Mar 2026 07:41 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
