जयपुर, Jun 01, 2026

देर रात तेज बारिश से निकलते वाहन। फोटो पत्रिका
Rajasthan Weather Alert: जयपुर। मौसम विभाग ने 1 जून को रात 9 बजकर 22 मिनट पर अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट अगले तीन घंटे के लिए रहेगा। राजस्थान के तीन जिले जैसलमेर, कोटा और बारां में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस रेड अलर्ट के तहत इन तीनों जिलों में अत्यंत तीव्र बारिश के साथ 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके साथ ही धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि के साथ ही मध्यम बारिश होगी।
वहीं मौसम विभाग ने फलौदी, जोधपुर, बालोतरा, बाड़मेर, जालोर, पाली, ब्यावर, जयपुर, दौसा, सवाईमाधोपुर, बूंदी, झालावाड़, भीलवाड़ा, राजसमंद, उदयपुर, सलूम्बर, सिरोही, प्रतापगढ़, बांसव़ाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौडगढ़, टोंक जिलों को ओरेंज अलर्ट में शामिल किया गया है। इन जिलों में 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने, धूलभरी आंधी व बारिश की चेतावनी दी है। वहीं सात जिलों को यलो अलर्ट जारी किया है।
Heatwave Relief Rajasthan: जयपुर. राजस्थान में मौसम ने भीषण गर्मी से राहत देना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और राज्य के ऊपर बने विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण तंत्रों के प्रभाव से अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। सोमवार को जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान में विभाग ने बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और मेघगर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजसमंद के रेलमगरा में 2 सेंटीमीटर, जबकि बारां, धौलपुर और अजमेर के कुछ क्षेत्रों में 1 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई। पश्चिमी राजस्थान में नागौर के परबतसर में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी हीटवेव दर्ज नहीं की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री, अजमेर 34.2 डिग्री और सीकर 33.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 से 7 डिग्री तक कम रहा। हालांकि बाड़मेर में 42 डिग्री और जैसलमेर में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने 3 और 4 जून को आंधी-बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़, हल्की से मध्यम बारिश तथा ओलावृष्टि हो सकती है।
Updated on: 01 Jun 2026 10:08 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।