Monsoon 2025: राजस्थान में इस बार दक्षिण पश्चिमी मानसून ने तय वक्त से पहले दस्तक देकर जमकर राहत बरसाई। प्रदेश के 19 जिलों में इस बार हुई अत्यधिक बारिश से कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात भी बन गए। वहीं मानसून के दूसरे चरण में फिर से मेघ बरसने को तैयार हैं। हिमालय के तराई इलाकों से होकर वापस प्रदेश का रुख कर रहे मानसूनी मेघ अगले तीन दिन दस से ज्यादा शहरों को फिर से तरबतर कर सकते हैं। मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिन दस से ज्यादा शहरों में तेज बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग से जारी अलर्ट के अनुसार 9,10 और 11 अगस्त को अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, सवाई माधोपुर, चूरू जिले में कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में इस साल छोटे बड़े कुल 693 बांधों में से इस बार हुई बंपर बारिश ने 270 बांधों को ओवरफ्लो कर दिया है। हालांकि अब भी 136 बांध पानी की आवक का इंतजार कर रहे हैं। वहीं 287 बांधों में इस बार सीजन में पानी की आंशिक आवक ही दर्ज हो सकी है।
राजस्थान के कुल 41 जिलों में से इस बार सीजन में 19 जिलों को मानसून ने तरबतर कर दिया। इन जिलों में सामान्य से 60 फीसदी से अधिक बारिश हुई जो असमान्य श्रेणी में है। वहीं 14 जिलों में सामान्य से 59 फीसदी तक अधिक बारिश हुई। जबकि प्रदेश के 8 जिलों में बारिश का ग्राफ सामान्य रहा है।
संभाग का नाम | 01 जून से 30 सितंबर तक बारिश | सामान्य बारिश | बारिश हुई-मिमी में |
अजमेर | 468.34 | 284.93 | 532.23 |
भरतपुर | 594.72 | 349.78 | 629.26 |
बीकानेर | 256.40 | 165.11 | 268.20 |
जयपुर | 488.70 | 302.82 | 492.71 |
जोधपुर | 289.88 | 176.42 | 258.41 |
कोटा | 424.71 | 256.24 | 409.23 |
उदयपुर | 705.24 | 256.24 | 409.23 |
Published on:
09 Aug 2025 11:53 am