29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर, May 26, 2026

Jaipur Accident: पति-पत्नी ICU में, 120 km/h की स्पीड में कार ने रौंदा, 3 महीने पहले हुई थी शादी

Newly Wed Couple Accident: जयपुर के हरमाड़ा इलाके में तेज रफ्तार कार ने नवविवाहित दंपती की बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों करीब 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे में पति का पैर कई जगह से टूट गया और फेफड़ा फट गया, जबकि पत्नी के दोनों पैर फ्रैक्चर होने के साथ सिर में गंभीर चोट आई है।

Jaipur Accident

पति-पत्नी की फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan Road Accident CCTV Footage: जयपुर के हरमाड़ा लोहामंडी इलाके में डिवाइडर कट पार कर रहे एक नवविवाहित दंपती की मोटरसाइकिल को करीब 120 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ रही एक बेकाबू कार ने ऐसी टक्कर मारी कि दोनों काल के गाल में समाते-समाते बचे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती हवा में करीब 5 फीट ऊपर उछले और 30 फीट दूर कंक्रीट की सड़क पर जा गिरे। सड़क पर गिरते ही दोनों खून से लथपथ हो गए। घटनास्थल के पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में यह रौंगटे खड़े कर देने वाला वाकया कैद हुआ है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए।

बेकाबू रफ्तार ने दिया जिंदगी भर का दर्द

  • पुष्पेंद्र सिंह (26): दाहिना पैर चार जगह से टूटकर बिखर चुका है। कार के टकराने और सड़क पर रगड़ने से छाती में अंदरूनी ब्लीडिंग हुई और फेफड़ा फट गया, जिसके चलते डॉक्टरों को तुरंत मेजर ऑपरेशन करना पड़ा। कंधे पर मांस को चीरते हुए गहरे जख्म बने हैं।
  • वंदना कंवर (23): दोनों पैर पूरी तरह फ्रैक्चर हो चुके हैं। कुल्हे का जोड़ (हिप जॉइंट) अपनी जगह से उखड़ गया है। सिर की हड्डी में गंभीर चोट आने से दिमाग के भीतर खून का थक्का (क्लॉट) जम गया है और वह अचेत है।(जैसा घायल पुष्पेंद्र के पिता रूप सिंह शेखावत ने बताया।)

शादी की खुशियों के बीच छाई वीरानी

पुष्पेंद्र और वंदना की शादी महज तीन महीने पहले, 5 फरवरी को बेहद धूमधाम से हुई थी। अब दोनों का जीवन आइसीयू की दहलीज पर दुआओं के सहारे टिक गया। पुष्पेंद्र घर में इकलौता बेटा है, उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग माता-पिता की लाठी और घर का इकलौता कमाऊ सदस्य वही है। रविवार को दोनों तिरुपति विहार स्थित अपने घर से किसी परिचित से मिलने विद्याधर नगर के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूर पहुंचे थे कि बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए जैसे ही डिवाइडर कट से मुड़े, काल बनकर आई कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।

राहगीरों ने दिखाई इंसानियत, कार छोड़कर भागा चालक

टक्कर मारने के बाद कार चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। राहगीरों ने कार का पीछा किया, लेकिन घबराया हुआ चालक कुछ दूरी पर वाहन को लावारिस छोड़कर गलियों के अंधेरे में गायब हो गया। हरमाड़ा थानाधिकारी उदयभान ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार 'स्टार ब्रेकर्स' नामक फर्म के नाम रजिस्टर्ड है, जिसका पता गौतम कॉलोनी, अनोखा गांव (हरमाड़ा) का है। पुलिस कार को जब्त कर फरार चालक की तलाश कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार लगभग 120 किमी/घंटा रही होगी।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें