6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्यपाल के अभिभाषण पर CM भजनलाल शर्मा का जवाब: ‘ये दिल्ली कुर्सी बचाने जाते थे, मैं कुछ न कुछ लेकर आता हूं, 5 साल में क्या किए’?

विधानसभा में सीएम भजनलाल शर्मा ने दो साल बनाम कांग्रेस के पांच साल के काम पर बहस की चुनौती दी। सरकार ने उपलब्धियों का दस्तावेज पेश किया तो विपक्ष ने पूरे कार्यकाल पर चर्चा की मांग की। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बजट घोषणाओं व भर्तियों पर सरकार को घेरा।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Feb 06, 2026

CM Bhajanlal Sharma

CM Bhajanlal Sharma (Patrika Photo)

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में विपक्ष की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने दो साल में इतने काम किए हैं, जितने कांग्रेस के पिछले पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं हुए। मुख्यमंत्री ने दो साल बनाम पांच साल का तुलनात्मक दस्तावेज सदन के पटल पर रखते हुए विधानसभा अध्यक्ष से बहस कराने की मांग की। अध्यक्ष ने कहा कि कार्य सलाहकार समिति में विषय रखकर दिन और समय तय किया जाएगा। इस मुद्दे पर सदन में शोर-शराबा भी हुआ।

सीएम भजनलाल ने दावा किया कि पहली बार किसी सरकार ने कामकाज के दस्तावेज सदन के पटल पर रखे हैं। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली जाता हूं तो कांग्रेसी तंज कसते हैं। सच तो यह है कि ये लोग जाते थे, कुर्सी बचाने और मैं जाता हूं जनता की सेवा करने। मैं दिल्ली जाता हूं तो जनता के लिए कुछ न कुछ लेकर ही आता हूं। आप क्या कर रहे थे पांच साल में, सिर्फ होटलों में आराम कर रहे थे।

राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस नेता चुनौती देते रहते हैं, इसलिए उन्होंने उसे स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर सेक्टर में ठोस काम किया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई विधायक खड़े हो गए और कहा कि पूरे पांच साल के कामकाज पर ही चर्चा करना, सिर्फ कांग्रेस सरकार के दो साल की तुलना नहीं करनी है। जूली ने कहा कि उन्हें भी मुख्यमंत्री की चुनौती स्वीकार है।

बिना नाम लिए अशोक गहलोत-डोटासरा पर कसे तंज

सीएम ने कहा कि उनकी सरकार युवा, महिला, गरीब और किसान के लिए काम कर रही है। पिछली सरकार के नेता जो सदन में नहीं आ रहे और अपने आप को महात्मा गांधी के बड़ा अनुयायी बताते हैं। उन्होंने युवाओं का हक मारा। उनको फिर से महात्मा गांधी की किताब पढ़नी चाहिए। कांग्रेस के एक नेता तो एक बाड़ा का ही रास्ता दिखा देते थे। ये लोग कल तक घी पी रहे थे और आज उपदेश दे रहे हैं।

इनको अपने कार्यकाल में युवाओं की याद क्यों नहीं आई? हमने आते ही युवाओं में विश्वास जगाया और ईमानदारी से परीक्षाएं आयोजित की। यह याद रखा जाए कि पेपर लीक माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा, इन लोगों पर निरंतर कार्रवाई होती रहेगी। जेल भेजने का अभियान जारी रहेगा।

राम का नाम लोगे तो फायदे में रहोगे

सीएम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को राम के नाम से ही तकलीफ है। पहले राम को काल्पनिक बताया और अब राम के नाम से चिड़ है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि राम को अपना लो, फायदे में रहेगा। वरना, नजर नहीं आओगे। राम के नाम से कटते रहोगे तो कट ही जाओगे। समझ नहीं आता राम के नाम से कांग्रेस नेताओं को तकलीफ क्यों है, जबकि महात्मा गांधी खुद भी रामराज्य की स्थापना करना चाहते थे।

1727 में से 754 घोषणाएं ही पूरी : जूली

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि अब तक की 1727 बजट घोषणाओं में से केवल 754 ही पूरी हुई हैं। पिछले बजट की महज 18 प्रतिशत घोषणाओं पर अमल हुआ है। दो साल में एक भी नई भर्ती पूरी नहीं हुई और मेधावी छात्राओं की स्कूटी योजना का टेंडर निरस्त कर दिया।

जूली ने कहा कि जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार यह भूल रही है कि वह जनता की मालिक नहीं, बल्कि ट्रस्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिविल लाइंस में मंत्रियों के दरवाजे जनता के लिए बंद हैं।