जयपुर, Jun 03, 2026

फोटो: पत्रिका
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की दस्तक अब दूर नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून गतिविधियों के बीच राजस्थान के कई जिलों में तेज आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी हवाएं अनुकूल रहने पर मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा जिससे राजस्थान में भी इसकी एंट्री तय समय से पहले होने की संभावना है। हालांकि 30 जून तक मानसून पूरे देश को कवर करने की पूरी संभावना है।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार बुधवार को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 3-4 जून को पुनः बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा जिलों और आसपास के कुछ जिलों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज अंधड़ (हवा की गति 60-70 किमी/घंटे) के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं आंधी-बारिश के प्रभाव से आगामी एक सप्ताह अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से नीचे दर्ज होने व हीटवेव से राहत बने रहने की प्रबल संभावना है।
राज्य में आंधी-बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। भीलवाड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6.9 डिग्री तक कम रहा। इसी प्रकार अजमेर में रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6.3 डिग्री कम रहा। श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 41.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। संगरिया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया।
| शहर | अधि. | न्यून. |
| श्रीगंगानगर | 41.4 | 27.1 |
| बीकानेर | 41.2 | 26.8 |
| जैसलमेर | 40.5 | 21.2 |
| चूरू | 39.0 | 26.0 |
| चित्तौड़गढ़ | 39.8 | 23.8 |
| बाड़मेर | 38.3 | 21.6 |
| सीकर | 37.0 | 22.5 |
| कोटा | 37.2 | 22.6 |
| जोधपुर | 37.4 | 23.9 |
| जयपुर | 35.6 | 24.2 |
| अजमेर | 35.8 | 22.0 |
| भीलवाड़ा | 35.0 | - |
| नागौर | 34.8 | 23.3 |
| अलवर | 35.8 | 22.0 |
करीब 15 दिन के इंतजार के बाद आखिर दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल तट से टकराएगा, इससे पहले 23 मई को इसके केरल तट से टकराने की संभावना थी लेकिन हवा की वजह से ये अटक गया था। मौसम विभाग ने अब मंगलवार 4 जून को मानसून केरल पहुंचने की संभावना जताई है। इससे पहले केरल समेत तटीय राज्य तमिलनाडु, पुदुचेरी सहित अन्य हिस्सों में प्री-मानसून की भारी बारिश हो रही है।
इधर राजस्थान में पिछले चार-पांच दिन चले आंधी और बारिश के दौर के बीच मंगलवार को नौतपा खत्म हो गया है। मौसम केन्द्र ने अब आगामी एक सप्ताह तक आंधी-बारिश जारी रहने और इसके बाद गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। IMD के अनुसार मानसून के केरल पहुंचने का तय दिन 1 जून को रहता है लेकिन इस बार पश्चिमी हवाएं कमजोर होने के कारण मानसून तय समय पर केरल नहीं पहुंचा। मंगलवार को मानसून की उत्तरी सीमा केरल के नजदीक दिखाई दी है। परिस्थितियां अनुकूल हैं, जिससे अगले 2-3 दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की उम्मीद है। पश्चिमी हवाएं अनुकूल रही तो मानसून 30 जून तक पूरे देश को कवर कर लेगा।
Updated on: 03 Jun 2026 05:42 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।