
Jaipur Literature Festival 2026 Begins Today (Patrika Photo)
Jaipur Literature Festival: गुलाबी नगरी एक बार फिर शब्दों, विचारों, किताबों, देश-विदेश के वक्ताओं और कलाकारों का स्वागत करने को तैयार है। जहां एक ओर सैकड़ों मुद्दों और किताबों पर चर्चा होगी तो दूसरी ओर म्यूजिक ऑडियंस को सूकून देगा। कुछ ऐसा ही नजारा विश्वभर में प्रसिद्ध पांच दिवसीय जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में देखने को मिलेगा, जो गुरुवार को राजधानी जयपुर में जेएलएन मार्ग स्थित एक होटल में शुरू होगा।
बता दें कि इस बार यह फेस्टिवल का 19वां संस्करण है, जो 19 जनवरी तक चलेगा। गुलाबी नगरी का माहौल साहित्य से सराबोर है। वहीं, फेस्टिवल को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं और साहित्य प्रेमियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजय के. रॉय के अनुसार इस बार कई नए वक्ता भी शामिल होंगे।
शहर में देश-विदेश से आए लेखकों, विचारकों और साहित्य प्रेमियों की हलचल साफ नजर आने लगी है। जो इतिहास, राजनीति, समाज, कला और साहित्य समेत कई विषयों और मुद्दों पर बातचीत करते नजर आएंगे। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल सिर्फ एक आयोजन ही नहीं, बल्कि विचारों का संगम है, जहां शब्द सीमाएं तोड़ते हैं और संवाद नए रास्ते खोलते नजर आते हैं।
फेस्टिवल में साइंस, टेक्नोलॉजी, इकोनॉमिक्स, जिओ पॉलिटिक्स के साथ इस बार भारत के पड़ोसी देशों में चल रहे कॉन्फ्लिक्ट पर भी सत्र हैं। वेनेजुएला, रूस और ईरान जैसे देशों से तेल और ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दों पर भी चर्चा होगी। फेस्टिवल का विशेष फोकस हिंदी भाषा, राजस्थानी आवाज और क्षेत्रीय सांस्कृतिक परंपराओं पर भी रहेगा।
देश-विदेश के लेखक, कवि, विचारक और पाठक एक बार फिर इस विचारों के संगम में जुटेंगे। इसके लिए मंच पूरी तरह आकार ले चुका है। बुक स्टॉल्स पर सजी देश-विदेश के विभिन्न लेखकों की नई-पुरानी किताबें पाठकों का इंतजार कर रही हैं। फेस्टिवल में अगले पांच दिनों तक विचार बहस बनेंगे, बहस संवाद और संवाद स्मृतियां बनेंगी।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में अब तक 2 हजार वक्ता हिस्सा ले चुके हैं। दुनिया भर से एक मिलियन से अधिक पुस्तक प्रेमी इस उत्सव का हिस्सा बन चुके हैं। 2025 में 500 से अधिक वक्ता शामिल थे। 25 बुक लॉन्च हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, फेस्टिवल में इस बार 266 सेशन होंगे, जिनमें करीब 500 वक्ता शामिल होंगे। वे सेशन फ्रंट लॉन, चारबाग, सूर्य महल, दरबार हॉल, एएएफ बागान और बैठक वेन्यू पर होंगे। साथ ही विभिन्न स्टॉल्स भी होंगे, जहां लोग शॉपिंग कर सकेंगे और फूड का भी आंनद ले सकेंगे।
म्यूजिक स्टेज के शोज ऑडियंस को संगीत के विभिन्न रंगों से रूबरू कराएंगे। पहले दिन गुरुवार को संगीतकार सौमिक दत्ता अपनी प्रोडक्शन टीम के साथ परफॉर्मेंस देंगी। यह कार्यक्रम शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। वहीं, 8:45 बजे से वासु दीक्षित क्लेक्टिव की परफॉर्मेंस होगी। दूसरे दिन 16 जनवरी को जयपुर के फोक-फ्यूजन बैंड युग्म की परफॉर्मेंस होगी, जो शाम 7 बजे से शुरू होगी।
वहीं, 7:30 बजे से रमन नेगी परफॉर्मेंस देंगे। इसके बाद रात 8:45 बजे से भारतीय बैंड परवाज की परफॉर्मेंस होगी। वहीं, 17 जनवरी को 7:30 बजे से गौली भाई टीम के साथ परफॉर्मेंस देंगे। इसके बाद रात 8:45 बजे से थाइकुडम ब्रिज की परफॉर्मेंस होगी, जो एक हजार से अधिक शो कर चुका है।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का आगाज गुरुवार को सुबह दस बजे फ्रंट लॉन में मॉर्निंग म्यूजिक ‘नाद-स्वर और शांति के बीच’ से होगा। इसमें वॉकलिस्ट ऐश्वर्या विद्या रघुनाथ और ऋत्विक राजा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कर्नाटक संगीत समूह परफॉर्मेंस देगा। वहीं, दूसरे दिन 16 जनवरी को मॉर्निंग म्यूजिक में राजस्थान की लोक गायिका भंवरी देवी प्रस्तुति देंगी।
इन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुति दी है। 17 जनवरी को ताल फ्राई समूह की परफॉर्मेंस होगी। 18 जनवरी को आओ नागा कॉयर ग्रुप की परफॉर्मेंस होगी। 19 को मॉर्निंग म्यूजिक में सौ तारों वाले संतूर के उस्ताद नवाब खान और मंत्रा बैंड की प्रस्तुति होगी। वहीं, फेस्टिवल की हैरिटेज नाइट आमेर महल में होगी, जहां ग्रैमी अवॉर्ड विजेता तबला वादक त्रिलोक गुर्टू परफॉर्मेंस देंगे।
फेस्टिवल में प्रमुख आकर्षणों में जावेद अख्तर, सुधा मूर्ति, वीर दास, किरण देसाई, टिम बर्नर्स-ली, विश्वनाथन आनंद और जिमी वेल्स, अबीर कपूर, अदिति माहेश्वरी, अमिताभ सिन्हा, अमृता त्रिपाठी, अनिरूद्ध चक्रवर्ती, अश्विन सिंघी, अनुराधा रॉय, सीपी देवल, अभिषेक सिंह, अली एस्लामी, एलिस ऑस्वाल्ड, आलोक वैद-मेनन, अनामिका, एंड्रयू ग्राहम डिक्सन, ऐन एप्पलबाउम, अरविंद सुब्रमण्यम, बानू मुश्ताक, डी.वाई. चंद्रचूड़, एस्तेर डुफ्लो, फरा डभोइवाला, गौर गोपाल दास, गोपाल कृष्ण गांधी, जानिना रामीरेज, लियो वराडकर, मेघा मजूमदार, निकोलस स्टर्न, पलानीवेल थियागा राजन, पर्सिवल एवरेट, रैचल क्लार्क, रिचर्ड हॉर्टन, टान्या टालागा, टॉम फ्रेस्टन, उस्सामा मकदिसी समेत कई नामों पर लोगों की नजर रहेगी।
बुधवार को रामबाग पैलेस में फेस्टिवल की प्री-पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें साहित्य, संगीत और सिनेमा की हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान अदाकारा और गायिका ईला अरुण, लेखिका तृप्ति पांडे, आर्ट कलेक्टर शालिनी पासी, लेखिका बानु मुश्ताक, लेखक अश्विन सांघी, टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजय के. रॉय, गोखले, विलियम डेलरिम्पल समेत कई जाने-माने लोग शामिल हुए। इस बीच कलाकारों ने लाइव म्यूजिक से लोगों का मनोरंजन भी किया।
Updated on:
15 Jan 2026 08:32 am
Published on:
15 Jan 2026 01:14 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
