1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में फिर तेज रफ्तार का कहर: कार ने पैदल चल रहे दो युवकों को कुचला, हुई मौत

जयपुर के हरमाड़ा थाना इलाके में शनिवार रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। लोहा मंडी क्षेत्र में एक बेकाबू कार ने पैदल चल रहे दो युवकों को चपेट में ले लिया जिससे दोनों की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification

जयपुर में फिर तेज रफ्तार का कहर: फोटो पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। हरमाड़ा थाना इलाके में शनिवार रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। लोहा मंडी क्षेत्र में एक बेकाबू कार ने पैदल चल रहे दो युवकों को चपेट में ले लिया जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका आगे एक खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद वह क्षतिग्रस्त वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और फरार चालक की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अनुसंधान अधिकारी हरिसिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान विरदी चंद शर्मा (40) निवासी बीलपुरा, कलवाड़ा और राहुल मीणा (19) निवासी माचड़ा, हरमाड़ा के रूप में हुई है। विरदी चंद शर्मा की लोहा मंडी में बालाजी धर्मकांटे के पास मिठाई की दुकान है, जबकि राहुल मीणा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

दुकान मंगल कर घर जा रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10:30 बजे विरदी चंद अपनी दुकान मंगल कर परिचित राहुल मीणा के साथ सर्विस लेन से पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान नींदड़ मोड़ की ओर से लोहा मंडी की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दूसरे युवक को कार कुछ दूरी तक घसीटती हुई ले गई।

कार रोकने की बजाय दौड़ाई

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी। वह तेज रफ्तार में आगे भागा और कुछ दूरी पर खड़ी एक अन्य कार को टक्कर मारकर रुक गया। इसके बाद आरोपी चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

कार चालक की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोहा मंडी में घटनास्थल पर लोगों ने कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर लकड़ी और टायर जलाकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर प्रदर्शन को शांत कराया और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को जब्त कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Story Loader