
जयपुर के दूदू में मां और बेटी की हत्या (फोटो सोशल मीडिया)
Double Murder in Jaipur: जयपुर ग्रामीण के दूदू इलाके के बिचून गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी और आठ साल की मासूम बेटी की तलवार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।
रूह कंपा देने वाली बात यह है कि हत्यारा पति पूरी रात अपनी पत्नी और मासूम बच्ची के खून से सने शवों के पास बैठा रहा। सुबह जब गांव के लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले, तब उसने खुद बाहर आकर ठंडे दिमाग से इस खौफनाक सच को कबूला।
वारदात बुधवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आरोपी पति और उसकी पत्नी के बीच पिछले दो महीनों से अनबन चल रही थी। बुधवार रात को विवाद इतना बढ़ा कि पति ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में रखी तलवार निकाली और सो रही पत्नी व 8 साल की बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार शांत होने के बाद आरोपी घर से भागा नहीं। पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली यही है कि रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक वह कमरे में क्या कर रहा था? क्या वह पछतावे में था या किसी और बड़ी वारदात की फिराक में?
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब ग्रामीण टहलने निकले, तो आरोपी घर के बाहर आया और बिना किसी शिकन के बोला, मैंने अपनी पत्नी और बेटी को मार डाला है। यह सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 10 मिनट के भीतर मौखमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जब पुलिस और प्रशासन की टीम घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देख अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। कमरे की दीवारों और फर्श पर चारों तरफ खून के धब्बे थे। मां और बेटी के शव क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे। मौके पर एएसपी शिवलाल बैरवा, डीएसपी दीपक खण्डेलवाल और एसडीएम बलवीर सिंह भारी जाब्ते के साथ पहुंचे।
साक्ष्य जुटाने के लिए जयपुर से FSL की विशेष टीम बुलाई गई है। टीम ने मौके से हत्या में इस्तेमाल हथियार (तलवार) और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, दंपती के बीच पिछले दो महीनों से लगातार घरेलू विवाद चल रहा था। छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े का अंजाम इतना वीभत्स होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। आरोपी ने न सिर्फ अपना घर उजाड़ा, बल्कि एक मासूम जान को भी बेरहमी से खत्म कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को दूदू उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। आरोपी पति पुलिस की हिरासत में है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह मानसिक रूप से बीमार है या उसने इस हत्याकांड को किसी सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया है।
Updated on:
12 Mar 2026 01:06 pm
Published on:
12 Mar 2026 12:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
