
जयपुर में दुल्हन के नाम पर ठगी करने वाला इनामी बदमाश दबोचा (फोटो-एआई)
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शादी के नाम पर निर्दोष लोगों को ठगने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईडी क्राइम ब्रांच ने जयपुर के मानसरोवर इलाके में घेराबंदी कर 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश महावीर सुथार को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि यह आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। सीआईडी की पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रयी ने बताया कि हाल ही में पकड़े गए गिरोह के सरगना भंवरलाल शर्मा से पूछताछ में महावीर सुथार का नाम सामने आया था।
सूचना मिली थी कि आरोपी मानसरोवर के भारतमाता सर्कल के पास मौजूद है। इसके बाद एसआई शैलेंद्र शर्मा और एएसआई शंकरदयाल शर्मा की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को धर दबोचा। मूल रूप से टोंक के उनियारा निवासी महावीर पर बालोतरा पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
यह गिरोह राजस्थान सहित अन्य राज्यों में उन परिवारों को निशाना बनाता था जो शादी के लिए दुल्हन की तलाश में होते थे। गिरोह के सदस्य 'दुल्हन' दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की सौदेबाजी करते और रकम हड़पने के बाद गायब हो जाते थे।
पकड़े गए आरोपी महावीर को अब बालोतरा की गिड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे गिरोह के अन्य नेटवर्क और ठगी के शिकार हुए लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Updated on:
27 Feb 2026 10:06 am
Published on:
27 Feb 2026 10:04 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
