जयपुर, May 29, 2026

जयपुर में दिल्ली बाइपास पर गुरुवार को धूलभरी आंधी का दृश्य। फोटो पत्रिका
Rajasthan Weather Update : भीषण गर्मी से परेशान प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तेज अंधड़ के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग की तरफ से सुबह 4.40 पर जारी नई भविष्यवाणी के अनुसार आज शुक्रवार को मौसम अचानक बदल जाएगा। मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 4 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत 3 घंटे में ऑरेंज अलर्ट वाले जयपुर, दौसा, धौलपुर, भरतपुर, डीग, अलवर, खैरथल-तिजारा तथा कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में कुछ स्थानों पर तीव्र मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 60-80 किमी/घंटा, वज्रपात, ओलावृष्टि तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
वहीं दूसरी तरफ सीकर, झुंझुनू, करौली तथा सवाई माधोपुर जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें आने वाले 3 घंटे के अंदर उपरोक्त जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा की संभावना है।
मौसम विभाग ने आम जनता को मौसम के संभावित प्रभाव व उससे बचाव के सुझाव भी दिए हैं।
ऑरेंज अलर्ट से संभावित प्रभाव
1- पेड़ की बड़ी शाखाओं, बिजली के खंभे तथा अन्य कमजोर संरचनाओं को नुकसान होने की प्रबल संभावना है।
2- फसलों को नुकसान होने की संभावना है।
मौसम विभाग के सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों व कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें तथा मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें।
2- बिजली के उपकरणों को अनप्लग करें और धातु की वस्तुओं/पानी के नल को न छुएं।
येलो अलर्ट से संभावित प्रभाव
1- सामान्यतः कोई विशेष प्रभाव नहीं।
मौसम विभाग के सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें। सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में गुरुवार को अलवर, खैरथल-तिजारा, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कुछ भागों में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं झुंझुनूं में शाम को तेज धूलभरी आंधी चलने से तापमान में गिरावट आई। हालांकि, इससे पहले अधिकांश शहरों में हीटवेव का कहर जारी रहा।
गुरुवार को अलवर के मुबारिकपुर-पाटा रूपबास, खैरथल-तिजारा के हरसौली, हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी और भादरा, श्रीगंगानगर के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी तीन दिन मौसम में भारी बदलाव रहेगा। 29 से 31 मई तक प्रदेश के अधिकांश भागों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है मौसम केंद्र ने शुक्रवार को 13 शहरों—अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर और बीकानेर में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जयपुर का मौसम आज शुक्रवार 29 मई को बेहद सुहावना है। ठंडी हवाएं राहत पहुंचा रहीं हैं। सुबह 6 बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के 24 जिलों में तेज अंधड़ चलने के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हवा की रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिससे सावधान रहने की जरूरत है। मौसम संबंधी ये गतिविधियां जून के प्रथम सप्ताह तक जारी रहेंगी। नौतपा का जोर कम रहेगा।
Published on: 29 May 2026 06:41 am


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।