9 अगस्त 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

एसआई भर्ती पेपर लीक में पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ और उसका बेटा गिरफ्तार

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती पेपर लीक मामले में शनिवार को हेड कांस्टेबल और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है।

जयपुर

Lalit Tiwari

Aug 09, 2025

जयपुर।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती पेपर लीक मामले में शनिवार को हेड कांस्टेबल और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजकुमार यादव लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पीएसओ रहे है। आरोप है कि उन्होंने पुत्र के लिए एसआई भर्ती का प्रश्न पत्र खरीदा था। एसओजी ने शुक्रवार को दोनों को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश कर 12 अगस्त तक रिमांड पर लिया है। उधर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर लिखा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी में आया कि उनकी सुरक्षा में तैनात जयपुर पुलिस लाइन के एक हेड कांस्टेबल एवं उनके पुत्र को एसओजी ने हिरासत में लिया है। किसी भी व्यक्ति की अपराध में कोई संलिप्तता हो तो कानून अपना काम करे। उन्हें उम्मीद है कि एसओजी बिना किसी दबाव के इस मामले में जांच कर तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचेगी।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के एडीजी वी.के सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हैड कांस्टेबल राजकुमार यादव और उनका बेटा भरत यादव मूलत: बहरोड कोटपुतली हाल माचड़ा हरमाड़ा का रहने वाला है। एसआई भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में एसओजी मेंप्रकरण में गिरफ्तार प्रोबेशनर उप निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह यादव से अनुसंधान में सामने आया कि पुलिस कमिश्नर में तैनात हैड कांस्टेबल राजकुमार यादव ने एसआई परीक्षा पेपर परीक्षा से पूर्व प्राप्त कर अपने बेटे भरत यादव एवं परिचित रविन्द्र सैनी को लिखित परीक्षा से पहले पेपर पढ़वाया था।

परीक्षा में पास, फिजिकल में फेल
एसओजी की जांच में सामने आया है कि राजकुमार यादव ने अपने बेटे भरत यादव के लिए यह पेपर खरीदा था। भरत ने लिखित परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन पैर में चोट लगने से वह फिजिकल परीक्षा नहीं दे पाया था, जिसके कारण उसका चयन नहीं हो सका था। राजकुमार यादव ने परीक्षा से पहले परिचित के बेटे सत्येन्द्र यादव व रविन्द्र सैनी को पेपर पढ़वाया था। जिसमें मैरिट में 12 वां स्थान प्राप्त करने वाले प्रोबेशनर एसआई सत्येन्द्र सिंह यादव को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। उसने भी राजकुमार से परीक्षा से पहले एसआई भर्ती का लीक पेपर प्राप्त करना बताया था राजकुमार ने रविन्द्र सैनी को भी पेपर पढ़वाया था। वह 156वें स्थान पर एसआई भर्ती परीक्षा में चयनित हुआ।

शिक्षक से खरीदा था पेपर
इससे पहले एसओजी ने इस मामले में शिक्षक कुंदन पंड्या को गिरफ्तार किया था. कुंदन पंड्या, राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा का करीबी माना जाता है। जांच में पता चला है कि बाबूलाल कटारा से एसआई भर्ती का पेपर कुंदन पंड्या ने लिया और आगे बेचा। राजकुमार यादव ने अपने बेटे के लिए यही पेपर कुंदन पंड्या से खरीदा था।

अब तक 54 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सहित 120 हो चुके है गिरफ्तार
एसओजी की जांच में पेपर लीक परीक्षा मामले में अब तक 54 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सहित 120 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। राजकुमार यादव राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं और जयपुर शहर पुलिस लाइन में तैनात रह चुके हैं। अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान वह उनकी सुरक्षा में तैनात था और वर्तमान में भी पीएसओ के रूप में कार्यरत हैं।