
वायरल वीडियों से ली गई तस्वीर
सीकर। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में खाटूश्यामजी थाने के SHO पवन कुमार चौबे एक युवक को कॉलर पकड़कर बीच सड़क पर पटकते नजर आ रहे हैं।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों को भी धक्का दिया गया। वीडियो में पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच हाथापाई साफ दिखाई दे रही है, जिस पर लोग पुलिस के इस व्यवहार का खुलकर विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि खाटूश्यामजी जैसे पवित्र स्थल पर पुलिस को संयमित व्यवहार करना चाहिए था।
यह मामला खाटू कस्बे के मोदी चौक मार्ग का है, जहां आने वाले फाल्गुन लक्खी मेला 2026 की तैयारियों के तहत भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन लोहे के बड़े गेट लगाने का प्रयास कर रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गेटों के कारण कॉलोनियों के रास्ते बंद हो जाते हैं और लोगों को अपने घरों तक आने-जाने में भारी परेशानी होती है।
एक युवक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मोदी चौक क्षेत्र की कॉलोनी में करीब 150 से अधिक परिवार रहते हैं। मेला शुरू होते ही हर साल अस्थायी बैरिकेडिंग कर दी जाती है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही रुक जाती है। अब स्थायी लोहे के गेट लगाए जाने का शांतिपूर्ण विरोध किया जा रहा था, लेकिन इसी दौरान पुलिस और लोगों के बीच विवाद बढ़ गया।
SHO पवन कुमार चौबे ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस लोगों से शांतिपूर्ण बातचीत कर रही थी, लेकिन कुछ युवकों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और हाथापाई की कोशिश की, जिससे स्थिति बिगड़ गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
लोगों ने स्थानीय नेता गजानंद कुमावत को जानकारी दी तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को गलत बताते हुए SHO पवन कुमार चौबे की उच्च स्तर पर शिकायत करने की बात कही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों को यहां लोहे का गेट नहीं लगने का आश्वाशन भी दिया है।
Updated on:
10 Feb 2026 03:46 pm
Published on:
10 Feb 2026 03:13 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
