4 अगस्त 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

Jaipur Heritage Nigam: परकोटे की 5500 गलियां कागजों में चमकाई…हकीकत में मार रहीं सड़ांध

जयपुर शहर में परकोटे की गलियों की सफाई को लेकर कई वर्ष बाद इस बार टेंडर हुए, कुछ गलियों में सफाई की रस्म निभाई गई। जबकि अधिकतर गलियां अब भी गंदगी से अटी पड़ी हैं।

Patrika cleanliness campaign: जयपुर शहर में परकोटे की गलियों से लेकर कॉलोनियों में जगह-जगह कचरे के ढेर लोगों के लिए परेशानी बन रहे हैं। गलियां कचरे से सड़ांध मार रही हैं। आस-पास रहने वालों में संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है। कई वर्ष बाद इस बार इन गलियों की सफाई के टेंडर हुए, कुछ गलियों में सफाई की रस्म निभाई गई। जबकि अधिकतर गलियां अब भी गंदगी से अटी पड़ी हैं।

यों समझे सफाई की हकीकत

हैरिटेज निगम ने करीब 3 साल बाद बारिश के बीच इन गलियों की सफाई का काम शुरू किया, लेकिन अभी ये साफ नहीं हो पाई हैं। जिनकी सफाई की गई, उनका कचरा गलियों से निकाल सड़क पर छोड़ दिया, जिससे बारिश के साथ कीचड़ सड़क पर फैल रहा है।

सफाई को लेकर रोज शिकायतें

किशनपोल जोन : 3900 गंदी गलियां
किशनपोल जोन में 2300 गलियों की ही सफाई हो रही। शेष के अभी टेंडर नहीं हुए।
हवामहल-आमेर जोन: 1500 गंदी गलियां
500 गलियों की सफाई हो रही। 700 गलियों की सफाई की तैयारी चल रही है।
आदर्श नगर जोन : 2500 गंदी गलियां
50 फीसदी गलियों की सफाई हो पाई। शेष में कचरा निकालने का काम चल रहा है।

बाहरी कॉलोनियों में कचरे के ढेर:

परकोटे के बाजारों व रास्तों के अलावा बाहरी कॉलोनियों में कचरे के ढेर लग रहे हैं। कचरा संग्रहण के लिए नियमित हूपर नहीं आने से लोग खुले में कचरा डाल रहे हैं। कई कॉलोनियों में हूपर दो से तीन दिन बाद पहुंच रहे हैं।

गलियों में गंदगी पर रोकथाम लगे

गंदगी में मच्छर पनपते हैं, जिससे वायरस की ग्रोथ होती है। इससे डेंगू, स्क्रब टाइफस जैसी मच्छर जनित बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इन दिनों चारदीवारी क्षेत्र से डेंगू, टाइफाइड व वायरल बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। गलियों में गंदगी पर रोकथाम लगे, इसके लिए कानून बनना चाहिए। - डॉ. अशोक गुप्ता, शिशु रोग विशेषज्ञ

बताई अपनी पीड़ा

गलियों की सफाई नहीं होती है। ये गलियां गंदगी से भरी हुई हैं। इससे मकानों में सीलन आ रही है। अब कचरा सड़ रहा है, जिससे बदबू आती है। - वर्षा नाटाणी, मिश्र राजाजी का रास्ता

गंदी गलियां परेशानी का कारण बन गई हैं। शिकायत के बाद भी निगम ने साफ नहीं करवाई तो हमने ही इसे साफ करवाया। निगम में कोई सुनवाई नहीं होती। गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। - विनोद कुमार खंडेलवाल, जाट के कुएं का रास्ता
जयपुर की स्थापना के समय मकानों के बीच ये गलियां हवा व बारिश के पानी की निकासी के लिए छोड़ी गई थीं। लोगों ने इन्हें अब कचरागाह बना दिया है। इनमें कचरा भरा रहता है, जिससे बीमारियां फैलने का डर बना रहता है। - मनोज भारद्वाज, पूर्व उपमहापौर नगर निगम