11 अगस्त 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

पीसीसी चीफ बैज बोले- महतारी वंदन के नाम पर भाजपा सरकार ने किया घोटाला

कहा- 68.5 लाख खाते में पैसे जाते तो राशि 685.3 करोड़ होती न कि 636.44 करोड़

पीसीसी चीफ बैज बोले- महतारी वंदन के नाम पर भाजपा सरकार ने किया घोटाला
बुधवार को जगदलपुर के राजीव भवन में पत्रवार्ता लेते दीपक बैज।

जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार को स्थानीय राजीव भवन में पत्रवार्ता लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महतारी वंदन के नाम पर घोटाला किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि 68.53 लाख महिलाओं के खाते में पैसा डाला गया है जबकि हकीकत में 25 लाख महिलाओं के खाते मे ही पैसा गया। जब महिलाओं के खाते में पैसा नहीं गया तो किसके खाते में गया। बैज ने कहा कि महतारी वंदन में सरकार का दावा है कुल 70 लाख 12 हजार 800 महिलाएं पात्र है तथा सरकार के द्वारा जो आंकड़े जारी किए गए हैं उसके अनुसार 68.53 लाख महिलाओं के खाते में 636.44 करोड़ का भुगतान किया गया है। सरकार के द्वारा जारी किए गए आंकडे ही बता रहे हैं कि सरकार गलत दावे कर रही है। अगर सही में 68.53 लाख महिलाओं के खाते में पैसा डाला गया तो प्रति महिला एक हजार रुपए के हिसाब से कुल भुगतान 685.3 करोड़ का होता ना कि 636.44 करोड़ का। सरकारी आंकड़ों के हिसाब से 48.86 करोड़ रुपए कम का भुगतान किया गया है। सरकार का दावा भले ही 68 लाख महिलाओं को भुगतान किए जाने का है लेकिन हकीकत में 25 लाख महिलाओं के खातें में राशि पहुंची है। बैज ने कहा कि 30 प्रतिशत महिलाओं के खाते में ही पैसे आए हैं। 70 प्रतिशत महिलाओं को पैसा नहीं मिला है। लोकसभा चुनावों को देखते हुए सरकार झूठे दावे कर मोदी की गारंटी पूरा करने का दंभ कर रही है। सरकार को कांग्रेस पार्टी चुनौती देती है जिन 68 लाख महिलाओं के खाते में अभी तक पैसे पहुंचे है उनकी सूची सार्वजनिक की जाए। सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। सरकार 24 घंटे के अंदर सभी लाभार्थी महिलाओं के नाम सार्वजनिक करे। प्रदेश की आधी आबादी महिलाओं की है जिसमें से लगभग 1 करोड़ महिलाएं विवाहित है सरकार के दायरे में मात्र 70 लाख महिलाए आई हैं। 30 प्रतिशत महिलाओं को तो पहले ही छोड़ दिया है।

बची पांच सीटों पर नए और मजबूत चेहरे दिखेंगे
कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की छह लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। बची हुई पांच सीटों पर जल्द नाम तय हो सकते हैं। इस पर दीपक बैज ने कहा कि बची हुई सीटों पर पार्टी नए और मजबूत चेहरे उतार सकती है। उन्होंने दावा कि प्रदेश में हम पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ते हुए जीत दर्ज करने जा रहे हैं। दीपक बैज ने बस्तर से अपनी दावेदारी के सवाल पर कुछ नहीं कहा। कांकेर शिफ्ट होने के सवाल को भी अनसुना कर दिया। माना जा रहा है कि दीपक बैज को पार्टी कांकेर से अपना प्रत्याशी बना सकती है।

बस्तर में शांति नहीं चाहती भाजपा
धर्मांतरण के मामले में मुखर रहने वाले चेहरों को भाजपा की ओर से बस्तर और कांकेर लोकसभा का प्रत्याशी बनाए जाने पर दीपक बैज ने कहा कि भाजपा बस्तर में शांति नहीं चाहती है। यही वजह है कि भाजपा लगातार इस मुद्दे को तूल दे रही है। बस्तर में शांति बनी रहे इस पर कांग्रेस लगातार काम करती रही है और आगे भी करती रहेगी।