Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरकार की पहल से महतारियों को बड़ी सौगात, महीनेभर के अंदर ही 35 हजार के खाते में पहुंची राशि

Mahatari Vandana Yojana: राशि प्राप्त करने वाली महिलाओं ने बताया कि पत्रिका में खबर प्रकाशित होते ही वार्ड पार्षद समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कॉल पर कॉल आने लगे।

2 min read
Google source verification
Mahatari Vandana Yojana (photo source- Patrika)

Mahatari Vandana Yojana (photo source- Patrika)

Mahatari Vandana Yojana: बस्तर संभाग की 77 हजार महिलाएं अक्टूबर की शुरुआत में ही महतारी वंदन योजना से वंचित हो गई थीं। उस दौरान पूरे संभाग में महिलाओं के बीच हड़कंप की स्थिति थी। महिलाओं की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। ऐसे वक्त में पत्रिका ने महिलाओं की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग भी हरकत में आया और अब अक्टूबर का महीना पूरा होने से पहले ही करीब 35 हजार महिलाओं के खाते में रुकी हुई राशि पहुंच गई है।

Mahatari Vandana Yojana: आधार कार्ड भी हुआ अपडेट

दरअसल पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने महिलाओं को व्यक्तिगत ई केवायसी के लिए प्रेरित किया। इसके तहत महिलाएं संबंधित बैंक पहुंचीं और अपने अकाउंट को अपडेट करवाया। साथ ही च्वाइस सेंटर से आधार कार्ड को भी अपडेट किया। इसके बाद महिलाओं के खाते में 10 दिन के भीतर राशि पहुंच गई। महिलाओं के खाते में 28 से 30 तारीख के बीच राशि डाली गई है।

बची महिलाएं भी बैंक जा सकती हैं, विभाग भी करेगा केवायसी

ऐसी महिलाएं जिनके खाते में राशि नहीं पहुंची है वे अपने बैंक में जाकर खाते की ई केवायसी करवा सकते हैं। बैंक में आधार कार्ड, पैन कार्ड और लाइव फोटो खींचवाकर अपने खाते को अपडेट करवाना होगा। साथ ही आधार कार्ड को भी च्वाइस सेंटर से अपडेट करवा सकते हैं। इसके साथ ही विभाग भी ई केवायसी जल्द शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत महिलाओं को योजना से जुड़ी केवायसी करवानी होगी। यह प्रक्रिया इस महीने शुरू हो सकती है।

लाइव फोटो के साथ जियो टैगिंग सभी हितग्राहियों की होगी

महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से योजना की ई केवायसी करवाने की तैयारी में है। इसके तहत महिलाओं के घर पर पहुंचकर लाइव फोटो ली जाएगी। उनके लोकेशन की जियो टैगिंग की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया में जिले की सभी हितग्राहियों को शामिल किया जाएगा। सरकार लगभग 20 महीने के बाद सभी हितग्राहियों को वैरिफाई करने की तैयारी में है।

खबर का असर

Mahatari Vandana Yojana: पत्रिका ने 16 अक्टूबर को एक खबर प्रकाशित करते हुए बताया था कि कैसे महतारियों के वंदन पर ग्रहण लग गया है। हमने संभाग स्तर के आंकड़े बताते हुए बताया था कि लगभग 77 हजार महिलाओं के नाम योजना से बिना कारण बताए काट दिए गए हैं। इस खबर से पहले महिलाओं की समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा था।

राशि प्राप्त करने वाली महिलाओं ने बताया कि पत्रिका में खबर प्रकाशित होते ही वार्ड पार्षद समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कॉल पर कॉल आने लगे। सभी समाधान के तरीके बताने लगे। अंतत: बैंक केवायसी और आधार कार्ड अपडेट करने से अक्टूबर महीने की राशि आधी महिलाओं को मिल गई है। बाकी महिलाओं में भी अब उम्मीद जागी है। वे भी अब प्रयास के लिए आगे आ रही हैं।