7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खाई के किनारे बैठकर पी शराब, उठते समय पैर फिसलने से गिरे दो युवकों की मौत

mp news: तिन्छा फाल में हादसा, खाई में गिरने से दो युवकों की मौत, तड़के साढ़े तीन बजे हादसा, पार्टी के दौरान पैर फिसलने से खाई में गिरे युवक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

2 min read
Google source verification
INDORE

tincha fall accident two youth died after falling into gorge

mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तिन्छा फाल में शनिवार तड़के तीन से चार बजे के बीच दो युवकों की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। इंदौर निवासी तीन युवक यहां शुक्रवार देर रात पार्टी मनाने पहुंचे थे। सिमरोल पुलिस ने शनिवार सुबह मृतकों के शव खाई से निकालकर महू के मध्यभारत अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। युवकों के खाई में गिरने की सूचना तीसरे युवक ने ही पुलिस को दी थी।

पैर फिसलने से खाई में गिरने से मौत

सिमरोल पुलिस के अनुसार, इंदौर के अभिनव पाठक (31) निवासी विजय नगर, सुमित परमार (23) निवासी राजीव आवास विहार और अशोक (33) निवासी रलायता थाना गौतमपुरा, शुक्रवार देर रात तिन्छा फाल पहुंचे थे। यहां सभी दोस्तों ने खाई के किनारे बैठकर शराब पार्टी की। तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच सुमित और अशोक पैर फिसलने से गहरी खाई में चले गए। इसकी सूचना अभिनव ने सिमरोल पुलिस को दी। सिमरोल पुलिस ने शनिवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्रेन के सहारे रस्सा डालकर सुमित और अशोक को खोजा। खाई के तल में दोनों के शव पड़े मिले। जिन्हें बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि खाई के अत्यंत नजदीक बैठकर पार्टी करने के दौरान हादसा होना प्रतीत होता है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वहीं हादसे के बाद सुमित और अशोक के परिजन सिमरोल पुलिस थाने पहुंचे। मृतक सुमित के पिता श्याम परमार ने आरोप लगाते हुए बताया कि सुमित अभिनव की गाड़ी चलाता था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे सुमित घर से अभिनव के साथ भोपाल जाने का कहकर निकला था। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे किसी अन्य दोस्त ने कॉल कर सुमित का एक्सीडेंट होने की बात कही। इसके बाद जब अभिनव से संपर्क किया तो उसने सिमरोल थाने पर होने और सुमित की मौत होने की जानकारी दी।