28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indore Gas Leak: इंदौर में जहरीली गैस लीक से मचा हड़कंप, 100 मीटर तक सांस लेने तकलीफ, 10 लोग बीमार

Indore Gas Leak: इंदौर के रावजी बाजार में गुरुवार रात कबाड़ की दुकान पर गैस सिलेंडर काटते ही जहरीली गैस फैल गई। 100 मीटर तक लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत हुई।

2 min read
Google source verification

इंदौर

image

Akash Dewani

Feb 27, 2026

indore poisonous gas leak 10 people fall ill severe eye irritation breathing problems mp news

indore poisonous gas leak 10 people fall ill (Patrika.com)

Indore Gas Leak: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के रावजी बाजार क्षेत्र में गुरुवार रात एक बड़ी लापरवाही ने पूरे इलाके की सांसें थाम दीं। कबाड़ की दुकान पर गैस सिलेंडर काटते ही अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे करीब 100 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को आंखों में तेज जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। देखते ही देखते क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर स्थिति पर काबू पाया। (MP News)

मछली बाजार से खरीदा था सिलेंडर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कबाड़ दुकान संचालक शहजाद चाचा ने यह सिलेंडर मछली बाजार के राजा चोपड़ा से खरीदा था। सिलेंडर के भीतर गैस भरी हुई थी। जैसे ही शहजाद ने आरा मशीन से टंकी काटनी शुरू की, तेज दबाव के साथ गैस बाहर निकलने लगी और हवा में फैल गई। कुछ ही देर में गैस रिसाव की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तीन महिलाएं अस्पताल में भर्ती, कई लोग प्रभावित

गैस की चपेट में आने से करीब 10 लोगों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर तीन महिलाओं के प्रभावित होने की पुष्टि की है। घायलों में परवीन (50), फलक (40) और फरीदा (60) शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद थमा रिसाव

घटना की गंभीरता को देखते हुए इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी टीम को भी बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने लगातार पानी का छिड़काव कर हवा में घुली गैस की तीव्रता कम की। डीसीपी आनंद कलादगी के अनुसार शुरुआती जांच में गैस अमोनिया प्रतीत हो रही है, जो अधिक मात्रा में बेहद घातक हो सकती थी। गैस की प्रकृति लैब टेस्ट के बाद स्पष्ट होगी।

दो आरोपी हिरासत में

पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में कबाड़ी शहजाद और सिलेंडर बेचने वाले राजा चोपड़ा को हिरासत में ले लिया है। दोनों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। (MP News)